यमुना किनारे नया रेनीवेल तैयार, बिजली कनेक्शन मिलते ही फरीदाबाद को मिलेगी राहत

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। शहर में पानी की किल्लत दूर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मोठूका क्षेत्र में यमुना किनारे एक नया रेनीवेल पूरी तरह तैयार हो चुका है, जिसे अब सिर्फ बिजली कनेक्शन का इंतजार है, कनेक्शन मिलते ही इसे चालू कर दिया जाएगा। अभी यहां एक अन्य रेनीवेल पहले से संचालित है, लेकिन बिजली कनेक्शन न होने के कारण इसे जनरेटर से चलाया जा रहा है, जिससे हर महीने लाखों रुपये का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, 15 अप्रैल तक बिजली कनेक्शन मिलने की संभावना है, जिसके बाद दोनों रेनीवेल मिलकर करीब 20 एमएलडी पेयजल की आपूर्ति करेंगे। इसके साथ ही, इसी क्षेत्र में तीसरे रेनीवेल का निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है और इसे अप्रैल के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। तीनों रेनीवेल चालू होने के बाद बल्लभगढ़ और एनआईटी विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 30 एमएलडी पानी की आपूर्ति बढ़ जाएगी।

ये रेनीवेल फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) द्वारा यमुना किनारे स्थापित किए जा रहे हैं। पहले से चालू रेनीवेल का पानी सेक्टर-25 के बूस्टर तक पहुंचाया जा रहा है, जहां से मुजेसर, संजय कॉलोनी, सेक्टर-55, सेक्टर-23, सेक्टर-52 और पर्वतीय कॉलोनी समेत आसपास के इलाकों में हजारों परिवारों को राहत मिल रही है।

जानकारी के मुताबिक, एफएमडीए द्वारा कुल 12 रेनीवेल लगाए जा रहे हैं, जिनसे शहर को करीब 120 एमएलडी अतिरिक्त पानी मिलेगा। दूसरे चरण में पांच और रेनीवेल चालू किए जाएंगे। इसके अलावा, प्राधिकरण ने नगर निगम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के 22 रेनीवेल अपने अधीन ले लिए हैं। फिलहाल फरीदाबाद में पानी की मांग और आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है।

शहर में जहां रोजाना करीब 450 एमएलडी पानी की जरूरत है, वहीं आपूर्ति सिर्फ 330 एमएलडी हो पा रही है। इस वजह से बड़ी आबादी अब भी टैंकरों पर निर्भर है। एफएमडीए के एसडीओ जितेंद्र कुमार के अनुसार, “हमारी ओर से बिजली की लाइनें बिछा दी गई हैं। अब केवल बिजली निगम की एनओसी और कनेक्शन मिलना बाकी है। कनेक्शन मिलते ही दोनों रेनीवेल पूरी क्षमता से काम शुरू कर देंगे।”

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top