फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के जैतपुर-डीएनडी जंक्शन एलिवेटेड फ्लाईओवर पर यातायात सुरक्षा से जुड़े काम लगभग पूरे हो गए हैं। पिछले पांच दिनों से चल रहा सुरक्षा संबंधी कार्य सोमवार सुबह तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की सेफ्टी टीम फ्लाईओवर का निरीक्षण करेगी। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार भी मौके का जायजा ले सकते हैं।

फरीदाबाद से आश्रम की ओर जाने वाली लेन को जन्माष्टमी से पहले यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है। फ्लाईओवर के दोनों ओर सुरक्षा संबंधी चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिन पर वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और ट्रैफिक ट्रायल के लिए मार्ग खुला होने की सूचना दी गई है।
एक-दो दिन में शुरू हो सकता है नियमित यातायात
एनएचएआई से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, फरीदाबाद से आश्रम की दिशा में जाने वाली लेन को अगले एक-दो दिनों में वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। करीब नौ किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण लगभग 1881 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसका करीब 8.5 किलोमीटर हिस्सा पिलरों पर बनाया गया है।
इस एलिवेटेड फ्लाईओवर का औपचारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।
नोएडा के अंदरूनी मार्गों से मिलेगी राहत
फरीदाबाद से आश्रम की ओर जाने वाली लेन शुरू होने के बाद दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से देहरादून, मेरठ, हरिद्वार, ऋषिकेश, गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद और हल्द्वानी की ओर जाने वाले हजारों वाहन चालकों को फायदा मिलेगा। अभी इन गंतव्यों की ओर जाने वाले कई वाहन नोएडा के अंदरूनी हिस्सों से होकर कालिंदी कुंज की तरफ जाते हैं। नई लेन शुरू होने के बाद फरीदाबाद से आने वाला यातायात डीएमई के जरिए सीधे आश्रम पहुंच सकेगा। इसके बाद वाहन चालक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जुड़कर आगे अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
21 अगस्त को ट्रायल के दौरान सामने आई थी सुरक्षा खामी
डीएमई का एलिवेटेड फ्लाईओवर 21 अगस्त को ट्रायल के तौर पर यातायात के लिए खोला गया था। हालांकि, ट्रायल के दौरान दिल्ली पुलिस ने डीएनडी के पास यातायात सुरक्षा से जुड़ी एक महत्वपूर्ण कमी की ओर एनएचएआई का ध्यान दिलाया था। इसके बाद फरीदाबाद से आश्रम की ओर जाने वाली लेन को बंद कर दिया गया था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, डीएनडी के पास आश्रम-महारानी बाग फ्लाईओवर और डीएमई फ्लाईओवर का मर्जिंग प्वाइंट है। यहां स्टॉपर, रंबल स्ट्रिप और पर्याप्त सुरक्षा संकेतक लगाए जाने जरूरी थे, ताकि वाहनों के आपस में टकराने या अन्य दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।
सुरक्षा मानकों को पूरा करने में जुटी एनएचएआई
एनएचएआई की सेफ्टी टीम ने मर्जिंग प्वाइंट पर जरूरी सुरक्षा इंतजामों का काम लगभग पूरा कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, जो थोड़ा काम बाकी है, उसे रात के समय पूरा किया जाएगा। इसके बाद सोमवार सुबह सुरक्षा वाहन और कर्मचारियों को मौके से हटा दिया जाएगा। एनएचएआई की ओर से निर्माण और सुरक्षा कार्यों की प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट ली जा रही है। सोमवार सुबह अधिकारी मौके पर पहुंचकर अंतिम निरीक्षण करेंगे। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के भी निरीक्षण के लिए पहुंचने की संभावना है।
आरके पाल, सेफ्टी ऑफिसर, एनएचएआई ने बताया कि डीएनडी के पास मर्जिंग प्वाइंट पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध लगभग पूरे हो चुके हैं। बाकी काम रात में पूरा कर लिया जाएगा। सोमवार सुबह सेफ्टी वाहन और कर्मचारी हटा दिए जाएंगे। निरीक्षण के बाद संभावना है कि अगले एक-दो दिनों में फरीदाबाद से आश्रम जाने वाली लेन को यातायात के लिए खोल दिया जाए।
