- 1 सितंबर से अरुणाचल में भारी बारिश, गरज-चमक अलर्ट।
भारत में इस साल मानसून के बारिश के मौसम की शुरुआत तो हुई, लेकिन देश के कई ऐसे स्थान भी हैं, जहां इस साल की बारिश अन्य सालों के मुकाबले में काफी कम मात्रा में दर्ज की गई. इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार (31 अगस्त, 2026) को एक बयान जारी कर बताया कि इस साल का अगस्त महीना, साल 1901 के बाद से भारत में सबसे गर्म रिकॉर्ड किया गया है. इससे साफ है कि अगस्त महीने में हुई मानसून की रिमझिम बारिश देश के हर कोने में लोगों को चिलचिलाती गर्मी और उमस भरे मौसम से राहत नहीं दे पाई है.
हालांकि, असम समेत भारत के उत्तर पूर्वी राज्यों में बारिश ने अपना ऐसा विकराल रूप दिखाया, जिससे सीधे तौर पर असम में लाखों की संख्या में लोगों की जिंदगियां गंभीर रूप से प्रभावित हुईं. असम में पिछले कई दिन लगातार मूसलाधार बारिश होती रही, जिससे वहां बाढ़ आ गई. भारत के पश्चिमी दिशा में तटीय राज्य महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत कई अन्य जिलों में भारी बारिश देखने को मिली. हालांकि, अब भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने (आईएमडी) सितंबर महीने में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई है.
सितंबर में भी कम बारिश की संभावना- IMD
IMD का पूर्वानुमान है कि इस साल भारत में सितंबर महीने के दौरान कुल मिलाकर सामान्य से कम मात्रा में बारिश होगी. आईएमडी ने सोमवार (31 अगस्त, 2026) को जारी अपने मासिक पूर्वानुमान में यह जानकारी साझा की है. विभाग ने कहा कि सितंबर महीने में बारिश लॉन्ग पीरियड ऐवरेज (LPA) के 91 प्रतिशत से कम रहने की संभावना है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, LPA यानी लॉन्ग पीरियड ऐवरेज किसी भी इलाके में किसी निश्चित समयसीमा में, जैसे एक महीने या पूरे मौसम के दौरान दर्ज की गई बारिश का लंबे समय की अवधि में निकाला गया औसत होता है. आमतौर पर इसके लिए 30 से 50 सालों के आंकड़ों का इस्तेमाम किया जाता है.
सितंबर महीने के लिए 1971 से 2020 के बीच के आंकड़ों के आधार पर भारत में बारिश का एलपीए करीब 167.9 मिलीमीटर रिकॉर्ड किया गया है. विभाग ने यह भी बताया है कि सितंबर में देश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है.
अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने की चेतावनी
IMD ने अपना इस महीने का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में 1 सितंबर से बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की भी संभावना है. राज्य के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम के पूरी तरह से सक्रिय रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग की तरफ से जारी जिलेवार अलर्ट के मुताबिक, मंगलवार (1 सितंबर, 2026) को अरुणाचल प्रदेश के शि-योमी, दिबांग वैली, ईस्ट कामेंग, पापुम पारे, अंजॉ, चांगलाग और लोंगडिंग जिले में बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है. इसके अलावा, गुरुवार (3 सितंबर, 2026) को पक्के केसांग, पापुम पारे, अंजॉ, चांगलांग और लोंगडिंग में भी इसी तरह के मौसम रहने का अनुमान है.
यह भी पढ़ेंः अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, टिशू पेपर लिखा मिला ‘बम’
