साहिल हत्या मामले में मल्हा माजरा पहुंचे सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, परिवार को दी सांत्वना

सोनीपत, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोनीपत जिले के गांव मल्हा माजरा जाकर साहिल हत्या मामले के पीड़ित परिवार से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतक साहिल की माता और अन्य परिजनों से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी। सांसद ने डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान से फोन पर मामले की विस्तृत जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि पुलिस को दो दिन का समय दिया जा रहा है, उसके बाद कांग्रेस अपनी ओर से रोष प्रदर्शन करेगी। हुड्डा ने हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं और हरियाणा एसटीएफ ने भी स्वीकार किया है कि प्रदेश में 88 गैंग सक्रिय हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। मुख्यमंत्री का नाम नायब है, लेकिन व्यवस्था का नाम ‘गायब’ है।

मनरेगा योजना का नाम बदलकर ‘वीबी जी राम जी ग्रामीण आजीविका रोजगार मिशन’ करने पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार केवल नाम बदलने की राजनीति करती है, काम नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बदलाव से गरीबों का बजट घटा दिया गया है। बंगाल चुनावों से पहले ममता बनर्जी और ईडी के बीच तनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के खाते में मात्र 133 करोड़ हैं, जबकि भाजपा के पास दस हजार करोड़ रुपये हैं। फिर भी कार्रवाई विपक्ष पर होती है।

उन्होंने मीडिया से अपील की कि विपक्ष की आवाज भी जनता तक पहुंचाई जाए। मीडिया से बातचीत के बाद सांसद हुड्डा राई हल्के के कांग्रेस नेता अनंत दहिया के निवास पर पहुंचे। इस दौरान कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top