नई दिल्ली (राम प्रकाश आर्य)। स्वयं सुधार समाज द्वारा 29 मार्च 2026 (रविवार) को सुल्तानपुर कॉलोनी स्थित लाइफ लाइन ताइक्वांडो अकादमी में मासिक बैठक का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम हिन्दू नव वर्ष (चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा), श्रीराम नवमी और महावीर जयंती के पावन अवसर पर आयोजित हुआ, जिसमें समाज के कई गणमान्य लोग और सदस्य शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता लाइफ लाइन ताइक्वांडो अकादमी की निदेशक गीता आर्या ने की। मुख्य वक्ता डॉ. नील कमल मित्तल ने समाज सुधार, नैतिक शिक्षा और युवाओं के सही मार्गदर्शन की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। मुख्य अतिथि आचार्य अरविंद शास्त्री ने महापुरुषों के आदर्शों पर चलने और अपने आचरण में निरंतर सुधार करने का संदेश दिया। वहीं, मटियानी आश्रम, गुरुग्राम से आईं श्रीमती भारती शर्मा ने नशामुक्ति, सेवा भावना और नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में भानु ठाकुर, संध्या भारद्वाज और वरुण शुक्ला का विशेष योगदान रहा। इस दौरान स्वर्गीय सेठ मुल्क राज कंबोज (फार्म वाले) की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। ए.एन. मिश्रा (बीडीओ रिटायर्ड), अश्विनी शर्मा (वास्तुकार) और रामप्रकाश आर्य ने संस्था के उद्देश्यों और नियमों की जानकारी दी। संस्थापक अध्यक्ष विष्णु प्रकाश शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत अनन्या शर्मा ने डॉक्टर की भूमिका निभाई, जबकि वंश गर्ग ने भगत सिंह पर अपने विचार प्रस्तुत किए। अकादमी के बच्चों ने शारीरिक प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया और विराज पचौरी ने दंड अभ्यास से सभी को प्रभावित किया। भारत प्रकाश शर्मा ने अपनी एनजीओ “TEACH” से जुड़ने और उसके वार्षिक कार्यक्रम में भाग लेने का आमंत्रण दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने सत्य बोलने, नशा त्यागने, भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार और आध्यात्मिक जीवन अपनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। हिन्दू नव वर्ष, राम नवमी और महावीर जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समाज सुधार और युवाओं के मार्गदर्शन पर हुई चर्चा