फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। पृथला से कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने हरियाणा विधानसभा के चल रहे बजट सत्र के दौरान अपने क्षेत्र से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए पलवल और बल्लभगढ़ के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रॉमा सेंटर बनाए जाने की मांग की। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए यहां ट्रॉमा सेंटर की स्थापना बेहद जरूरी है।

विधायक तेवतिया ने सदन में कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पलवल से बल्लभगढ़ तक का क्षेत्र पृथला विधानसभा के अंतर्गत आता है। इस इलाके में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां स्थापित हैं और हाईवे पर भारी यातायात के कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ऐसी स्थिति में घायल लोगों को इलाज के लिए या तो पलवल या फरीदाबाद ले जाना पड़ता है, जिससे काफी समय लग जाता है।
विधायक तेवतिया ने कहा कि वह पहले भी कई बार अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए इस मांग को उठा चुके हैं, लेकिन अभी तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस मांग को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो सके। इस दौरान हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने सदन में बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में प्रधानमंत्री रोड एक्सीडेंट रिलीफ योजना शुरू की है।
जिसके तहत चयनित अस्पतालों में सड़क दुर्घटना के घायलों को डेढ़ लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पलवल और बल्लभगढ़ एक-दूसरे के काफी करीब हैं। हालांकि मंत्री के इस जवाब पर विधायक तेवतिया ने दोबारा ट्रॉमा सेंटर की मांग जोरदार तरीके से उठाई। इस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मामले में स्थान की जांच कराने और उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
विधानसभा सत्र के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक रघुबीर तेवतिया ने कहा कि भले ही वह विपक्ष के विधायक हैं, लेकिन क्षेत्र की जनता ने उन्हें अपनी आवाज उठाने के लिए चुना है। इसलिए वह जनहित से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर विधानसभा तक लगातार उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी सभी मांगें सीधे तौर पर क्षेत्र की जनता से जुड़ी हुई हैं और वह सरकार से इन्हें जल्द पूरा करने की अपेक्षा करते हैं।