पलवल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि संत किसी एक जाति अथवा धर्म के नहीं होते, बल्कि वे पूरे समाज के होते हैं। संत समाज को प्रेम, सद्भावना और भाईचारे के सूत्र में बांधकर एक साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हैं। गुर्जर शमशाबाद स्थित बाबू जगजीवन राम पार्क में बाबू जगजीवन राम दलित उत्थान ट्रस्ट (रजि.) के तत्वावधान में आयोजित संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती समारोह में जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
गुरु रविदास भवन का उद्घाटन, बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा का अनावरण
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करते हुए गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

गुरु रविदास ने समाज सुधार की दिशा बदली : कृष्णपाल गुर्जर
केंद्रीय राज्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देकर कहा कि भारत की भूमि युगों से संत-महापुरुषों की रही है। संत गुरु रविदास जी ने अपने विचारों और कर्मों से समाज सुधार की धारा को नई दिशा दी। उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव को समाप्त करने का संदेश दिया। उन्होंने गुरु रविदास जी के प्रसिद्ध कथन मन चंगा तो कठौती में गंगा का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि मन और कर्म पवित्र हों, तो किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वतः समाप्त हो जाता है।
गुरु रविदास के विचारों पर चल रही है मोदी सरकार
श्री गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं बिना किसी जाति या वर्ग भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, हर घर नल से जल, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाएं गुरु रविदास जी के विचारों का ही प्रतिरूप हैं।
गुरु रविदास भवन के लिए धन की नहीं आने दी जाएगी कोई कमी
केंद्रीय राज्यमंत्री ने आयोजकों द्वारा रखी गई मांगों को पूर्ण करवाने का आश्वासन देते हुए कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास भवन के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए जितनी भी धनराशि की आवश्यकता होगी, उसे उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे भवन पूरे समाज के लिए उपयोगी होते हैं।
दलित समाज के उत्थान के लिए सदैव समर्पित हैं कृष्णपाल गुर्जर : विधायक हरेंद्र सिंह
कार्यक्रम के संयोजक एवं विधायक होडल हरेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने दलित समाज के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर केवल एक नेता नहीं, बल्कि विकास की सजीव धारा हैं। पिछले 11 वर्षों से जब से उन्होंने फरीदाबाद लोकसभा का प्रतिनिधित्व संभाला है, तब से क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं।