बल्लभगढ़ से पलवल तक दौड़ेगी मेट्रो 28 किलोमीटर के कॉरिडोर को सैद्धांतिक मंजूरी,

फरीदाबाद-पलवल के लाखों लोगों के लिए राहत की उम्मीद, ₹4,500 करोड़ तक खर्च होने का प्रस्ताव; केएमपी-केजीपी से भी जुड़ेगा मेट्रो नेटवर्क

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार की योजना ने एक कदम आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दिए जाने के बाद इसे केंद्रीय शहरी मंत्रालय के पास भेजा गया है। अब केंद्र सरकार से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद परियोजना के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो सकता है।

करीब 28 किलोमीटर लंबा प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर फरीदाबाद और पलवल के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों के विकास में भी अहम भूमिका निभा सकता है। खास तौर पर फरीदाबाद के सेक्टर-58 और 59 तथा पृथला के आसपास स्थित औद्योगिक इकाइयों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो चलाने की घोषणा 25 जून 2023 को पृथला के गदपुरी टोल प्लाजा पर आयोजित फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र की गौरव रैली के दौरान की गई थी। उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की सहमति के बाद इस परियोजना की घोषणा की थी।

प्रस्ताव के अनुसार, मेट्रो लाइन बल्लभगढ़ स्थित राजा नाहर सिंह स्टेशन से आगे बढ़ते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग के समानांतर पलवल तक पहुंचेगी। इस कॉरिडोर पर 10 से 13 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाने की योजना है। परियोजना की अनुमानित लागत 4,320 करोड़ से 4,500 करोड़ रुपये के बीच बताई गई है।

प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर में सेक्टर-58 और 59, सीकरी, सोफ्ता, पृथला, बघौला और पलवल के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने की योजना है। इसके अलावा पलवल बस स्टैंड, आगरा चौक और लघु सचिवालय जैसे महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंच बेहतर बनाने का प्रस्ताव है।

केएमपी और केजीपी एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज के आसपास अंतिम स्टेशन बनाने का भी प्रस्ताव है, जिससे यात्रियों को इन एक्सप्रेसवे से जुड़े क्षेत्रों तक पहुंचने में सुविधा मिल सकती है। ओमैक्स सिटी और कुसलीपुर क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी देने की भी योजना बताई गई है।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top