गुरुग्राम, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर कहा कि भाजपा में वंशवाद की नहीं, कर्मठता और योग्यता की पूजा होती है। उन्होंने गुरुग्राम की पावन धरती पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नबीन का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आगमन से युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विवेकानंद ने भारत की आत्मा को विश्व मंच पर स्थापित किया और देश को नई पहचान दिलाई।

सैनी ने कहा कि विवेकानंद केवल एक संन्यासी नहीं, बल्कि युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने युवाओं को खुद पर विश्वास रखने का संदेश दिया था और कहा था कि भगवान भी उसी की सहायता करते हैं जो स्वयं पर भरोसा करता है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे विवेकानंद के विचारों और जीवन को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लें। भाजपा ने पिछले 11 वर्षों में हरियाणा की राजनीति की तस्वीर बदली है और एक लाख 80 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार दिया है।
विधानसभा चुनाव में किए गए वादे के अनुसार 24 हजार युवाओं को रोजगार देने का संकल्प भी पूरा किया गया। सैनी ने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार में बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को रोजगार मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नबीन सरकार और संगठन दोनों में गहरा अनुभव रखते हैं और युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा की युवा नीति ने पिछले वर्षों में गति पकड़ी है और युवाओं के सम्मान को प्राथमिकता दी गई है।
