आईआईएम रोहतक के 18वें स्थापना दिवस समारोह का आगाज, लीडरशिप समिट में 40 से अधिक उद्योग विशेषज्ञों ने साझा किए विचार

रोहतक। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रोहतक में 18वें स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत रविवार को लीडरशिप समिट-2026 के आयोजन के साथ हुई। इस अवसर पर आयोजित सम्मेलन में देश के 40 से अधिक उद्योग विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और प्रबंधन क्षेत्र से जुड़े दिग्गजों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में 600 से अधिक विद्यार्थी भी शामिल हुए। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘प्रगति के साथ उद्देश्य : नेतृत्व और जिम्मेदार विकास की नई परिभाषा’ रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव रह चुके सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राजेश खुल्लर ने कहा कि बेहतर नेतृत्व के लिए संवेदनशीलता, आत्म-जागरूकता और सभी हितधारकों की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि एक अच्छे नेतृत्वकर्ता को हर पक्ष की बात सुनकर समस्याओं का व्यापक दृष्टिकोण से समाधान करना चाहिए।

आईआईएम रोहतक के निदेशक प्रो. धीरज शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक, शोध और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले प्लेसमेंट सत्र में 250 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया था। उन्होंने भारतीय दर्शन में धर्म और इंद्रिय विजय की अवधारणाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नेतृत्व में जिम्मेदारी, आत्म-अनुशासन और सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता महत्वपूर्ण है।

समिट में भारत सरकार के पूर्व विशेष सचिव अभिजीत हलदर, अदाणी ग्रीन एनर्जी के सीईओ आशीष खन्ना और बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष एवं सीईओ हरदीप बरार ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने बदलती परिस्थितियों के अनुरूप नेतृत्व क्षमता विकसित करने और युवाओं में अनुशासन व जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान 3 पैनल चर्चाएं भी आयोजित की गईं। इनमें सन फार्मा, फाइजर, जिंदल स्टील, सीमेंस, एमफैसिस और आईआरसीटीसी समेत कई प्रमुख संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। चर्चाओं में सतत विकास, महिला नेतृत्व, समावेशी कार्यस्थल और संस्थागत प्रबंधन में जवाबदेही जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। समिट के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग जगत के अनुभवी विशेषज्ञों से संवाद करने और नेतृत्व की बदलती चुनौतियों को समझने का अवसर मिला।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top