रोहतक/नई दिल्ली, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) रोहतक ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। संस्थान को खेल प्रबंधन (Sports Management) के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए “सर्वश्रेष्ठ सरकारी प्रबंधन संस्थान” के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान नई दिल्ली में आयोजित ग्लोबल स्पोर्ट्स एजुकेशन कन्वेंशन (G-SEC) 2026 के दौरान प्रदान किया गया।

कठोर मूल्यांकन के बाद मिला सम्मान यह पुरस्कार राष्ट्रीय खेल एवं शारीरिक शिक्षा रैंकिंग पुरस्कार 2026 के तहत दिया गया, जिसे भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय का समर्थन प्राप्त था। कन्फेडरेशन ऑफ स्पोर्ट्स एंड रिक्रिएशन इंडस्ट्री (CSRI) और स्पोर्ट्स असेसमेंट एंड ऑडिट बोर्ड (SAAB) द्वारा देश के शीर्ष संस्थानों की कठोर और पारदर्शी मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद IIM रोहतक को इस श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ चुना गया।
दिग्गजों की मौजूदगी में सम्मान इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में IIM रोहतक के निदेशक प्रो. धीरज शर्मा ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अनिश दयाल, भारतीय ओलंपिक संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र ध्रुव बत्रा और पूर्व खेल सचिव अजीत कुमार शरण जैसे दिग्गज उपस्थित रहे।
संस्थान के निदेशक प्रो. धीरज शर्मा ने पुरस्कार स्वीकार करते हुए खेलों में टैलेंट स्काउटिंग (प्रतिभा खोज) के लिए एक वैश्विक तंत्र और लाइसेंसिंग व्यवस्था बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल संगठनों को अपनी आय का उपयोग खिलाड़ियों के दीर्घकालिक विकास में करना चाहिए। गौरतलब है कि IIM रोहतक के ‘स्पोर्ट्स मैनेजमेंट प्रोग्राम’ की सराहना स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं। यह सम्मान संस्थान की खेल शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।