हरियाणा सरकार किसान हितैषी, मंडियों में खरीद व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम: राजेश नागर

फरीदाबाद/चंडीगढ़ (सरूप सिंह)। हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की फसल की निर्बाध खरीद सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंडियों में खरीद व्यवस्था की निगरानी के लिए मंत्री और विधायक लगातार दौरे कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फसल बेचने के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

राजेश नागर बुधवार को चंडीगढ़ में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से आयोजित ‘विश्व मानक दिवस-2026’ समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले सभी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों (डीएफएससी) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की गई थी। इसमें विभिन्न जिलों की मंडियों में पहुंच रही फसल और खरीद संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

नमी की समस्या दूर, मौसम को देखते हुए तैयारियां

राज्य मंत्री ने बताया कि अभी तक खरीद प्रक्रिया को लेकर उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। कुछ स्थानों पर निचले इलाकों में पानी भरने के कारण फसल में नमी की समस्या सामने आई थी, जिसे फसल सुखाकर दूर कर लिया गया है। मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए भी जरूरी इंतजाम किए गए हैं, ताकि खरीद प्रक्रिया प्रभावित न हो।

किसानों की समस्याओं से जुड़े सवाल पर नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर मंडियों में खरीद की स्थिति की समीक्षा की थी। इस दौरान सभी मंडियों में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसानों की शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए।

मंडियों में आईएएस अधिकारी संभालेंगे निगरानी

राजेश नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं किसान परिवार से संबंध रखते हैं और किसानों की जरूरतों तथा उनकी समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। इसी वजह से प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को खरीद व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश की सभी मंडियों में आईएएस रैंक के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन अधिकारियों की जिम्मेदारी खरीद प्रक्रिया पर नजर रखने और व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने की होगी।

किसान संगठनों से लगातार संपर्क में सरकार

राज्य मंत्री ने कहा कि किसानों और किसान यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ उनका लगातार संवाद बना हुआ है। हाल ही में चंडीगढ़ स्थित उनके कार्यालय में भी किसानों ने मुलाकात की थी। इसके अलावा किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी से भी फोन पर बातचीत हुई है। नागर ने कहा कि वह स्वयं भी मंडियों का दौरा कर खरीद व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि हरियाणा सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top