फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। नगर निगम ने शहर के प्रमुख प्रवेश द्वारों को नया स्वरूप देने की योजना तैयार की है। इसके लिए विशेष कॉन्सेप्ट प्लान और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाई जाएगी। उद्देश्य है कि शहर में आने-जाने वाले लोगों को बेहतर अनुभव मिले और फरीदाबाद की छवि एक आधुनिक, स्वच्छ और आकर्षक शहर के रूप में उभरे।

फिलहाल पलवल से फरीदाबाद की ओर आने वाले प्रवेश द्वार हों या बदरपुर बॉर्डर से शहर में प्रवेश करने वाले मार्ग, अधिकांश स्थानों पर साइन बोर्ड टूटे हुए हैं, रोशनी की कमी है और हरियाली का अभाव है। अव्यवस्थित ट्रैफिक और अतिक्रमण भी शहर की छवि को प्रभावित कर रहे हैं। योजना के तहत नगर निगम प्रमुख मार्गों और सीमाओं पर स्थित प्रवेश द्वारों को हरियाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक साइन बोर्ड, कलात्मक संरचनाओं और नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित करेगा।
प्रथम चरण में सर्वे कर मौजूदा स्थिति का आकलन किया जाएगा और विशेषज्ञों की मदद से ऐसा डिजाइन तैयार होगा जो शहर की संस्कृति और आधुनिक जरूरतों को दर्शाए। अधिकारियों ने बताया कि सौंदर्यीकरण कार्य चरणबद्ध तरीके से होगा ताकि यातायात और आम जनजीवन पर कम असर पड़े। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पौधरोपण, हरित पट्टियां और पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग प्राथमिकता में रहेगा।
अतिरिक्त आयुक्त डॉ. गौरव अंतिल ने कहा कि यह पहल फरीदाबाद को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। आने वाले समय में प्रवेश द्वारों का नया स्वरूप नागरिकों में गर्व की भावना जगाएगा और निवेशकों व पर्यटकों पर भी सकारात्मक असर डालेगा।