चंद्रचूड़ सिंह ने दर्ज कराई FIR, रिश्तेदारों पर लगाया दादा की फर्जी वसीयत बनाने का आरोप


‘माचिस’, ‘जोश’ और ‘क्या कहना’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके एक्टर चंद्रचूड़ सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि फैमिली प्रॉपर्टी से जुड़ा विवाद है. चंद्रचूड़ सिंह ने अपने कुछ रिश्तेदारों पर दादा की वसीयत में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

क्या है पूरा मामला?
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ये मामला उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के रोरावर थाने का है. पुलिस ने चंद्रचूड़ सिंह की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है. उन्होंने अपनी चाची गायत्री देवी, दो चचेरे भाइयों और चार अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. ये पूरा विवाद साल 1997 में बनाई गई एक कथित फर्जी वसीयत से जुड़ा है. चंद्रचूड़ सिंह का आरोप है कि अलीगढ़ के बाहरी इलाके में स्थित जलालपुर गांव के रहने वाले उनके दादा ठाकुर हरेंद्र पाल सिंह की प्रॉपर्टी को लेकर ये धोखाधड़ी की गई.

क्या है चंद्रचूड़ सिंह का आरोप?
चंद्रचूड़ सिंह का आरोप है कि जिस समय ये वसीयत बनाई गई, उस वक्त उनके दादा गंभीर रूप से बीमार थे और किसी कानूनी दस्तावेज पर हस्ताक्षर (साइन) करने की हालत में नहीं थे. चंद्रचूड़ सिंह ने आरोप लगाया कि उनके चाचा गंगा सिंह और परिवार के कुछ अन्य सदस्यों ने मिलकर दादा के फर्जी हस्ताक्षर किए. उनका कहना है कि इस वसीयत के जरिए उनके दिवंगत पिता कैप्टन बलदेव सिंह को संपत्ति में उनका हिस्सा नहीं दिया गया. कैप्टन बलदेव सिंह अलीगढ़ से कांग्रेस के पूर्व विधायक भी रहे थे.

ये भी पढ़ें:- ‘मैं हमेशा तुम्हारे साथ खड़ी हूं…’, जन्नत जुबैर के बर्थडे पर शिवांगी जोशी ने लुटाया प्यार

वसीयत को लेकर उठाए सवाल
चंद्रचूड़ सिंह ने वसीयत तैयार किए जाने के समय और हालात पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि जिस समय ये वसीयत बनाई गई बताई जा रही है, उस वक्त उनके पिता कैप्टन बलदेव सिंह अलीगढ़ में मौजूद नहीं थे. उन्होंने ये भी बताया कि उनके एक अन्य चाचा पुनिया प्रताप सिंह का निधन ठाकुर हरेंद्र पाल सिंह से पहले ही हो गया था. अभिनेता का आरोप है कि इस कथित फर्जी वसीयत के आधार पर परिवार की कई जमीनों और संपत्तियों को बेच दिया गया या दूसरे लोगों के नाम कर दिया गया. हाल ही में मीडिया से बातचीत में चंद्रचूड़ सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में सबूत जुटाए हैं. वो पुलिस स्टेशन भी गए और अपना बयान दर्ज कराया.

चाची गायत्री देवी ने आरोपों को बताया था गलत
ये पारिवारिक विवाद पिछले साल भी सामने आया था. उस वक्त चंद्रचूड़ सिंह की चाची गायत्री देवी ने उनके आरोपों को गलत बताया था. उन्होंने कहा था कि वसीयत असली है और चंद्रचूड़ सिंह उन्हें इस मामले में गलत तरीके से फंसाने की कोशिश कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस वसीयत से जुड़े दस्तावेजों और उसकी सच्चाई की जांच कर रही है.

चंद्रचूड़ सिंह का फिल्मी करियर
चंद्रचूड़ सिंह ने 90 के दशक में हिंदी सिनेमा में अपनी खास पहचान बनाई. उन्होंने ‘माचिस’, ‘तेरे मेरे सपने’, ‘सिलसिला है प्यार का’, ‘दाग: द फायर’, ‘जोश’ और ‘क्या कहना’ जैसी फिल्मों में काम किया. इसके अलावा वो अक्षय कुमार की 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘कटपुतली’ और वेब सीरीज ‘आर्या’ में भी नजर आ चुके हैं.

ये भी पढ़ें:- ‘टॉक्सिक’ को मिले निगेटिव रिव्यू, सपोर्ट में आए ऋषभ शेट्टी, यश की तारीफ में कहा ये



Source link

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top