फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। हरियाणा सरकार के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने सेक्टर-7 स्थित जनकल्याण मंदिर परिसर में लगभग पौने दो करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का नारियल फोड़कर विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार फरीदाबाद के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मंत्री गोयल ने बताया कि फरीदाबाद के सबसे पुराने सेक्टरों में से एक सेक्टर-7 में वर्षों से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई थी। इसके स्थायी समाधान के लिए लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से नई ड्रेनेज लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया है ताकि आगामी मानसून में लोगों को राहत मिल सके। साथ ही यहाँ बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए करीब 7 से 8 लाख रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी तेज गति से किया जा रहा है।
युवाओं और बच्चों के भविष्य को लेकर भी सरकार गंभीर है। इसी कड़ी में सेक्टर-7 के स्कूल परिसर में हॉकी प्रैक्टिस पिच बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए लगभग 4 करोड़ रुपये का अनुमान पास कराकर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे स्थानीय बच्चों को घर के नजदीक ही खेल प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। मंत्री ने बताया कि सेक्टर-7 मार्केट को भी जल्द आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।
लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से पूरी मार्केट की सड़कें, पार्किंग, ड्रेनेज, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद के सभी हुड्डा सेक्टरों की मार्केटों के लिए अनुमान और टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा कई स्थानों पर कार्य आरंभ भी हो गया है। हालांकि मार्केट में बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताते हुए उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे स्वयं आगे आकर सार्वजनिक स्थानों से अवैध कब्जे हटाएं।
कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों द्वारा सेक्टर-7 में कम्युनिटी सेंटर की मांग उठाए जाने पर मंत्री गोयल ने बताया कि फरीदाबाद में 13 नए कम्युनिटी सेंटर पहले ही मंजूर किए जा चुके हैं और सेक्टर-7 के लिए भी उपयुक्त स्थान चिन्हित कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, व्यापारीगण और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।