दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार (30 अगस्त) शाम LPG सिलेंडर फटने से झुग्गी में आग लग गई. अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में झुग्गी में मौजूद पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए. दोनों को तुरंत PCR की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
यह हादसा विवेक विहार पुलिस स्टेशन के पीछे स्थित झुग्गी नंबर-11 में शाम करीब 4:24 बजे हुआ. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, झुग्गी में रखा एक छोटा LPG सिलेंडर फट गया, जिसके बाद आग लग गई. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में कमजोर पड़ा मानसून, सताएगी उमस और गर्मी, जानें ताजा अपडेट
दमकल की तीन यूनिट ने बुझाई आग
दमकल विभाग के मुताबिक, आग पर काबू पाने के लिए दो वॉटर टेंडर और एक वॉटर बाउजर मौके पर भेजे गए. STO यानी स्टेशन ऑफिसर देशपाल की निगरानी में दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शाम 4:55 बजे आग पूरी तरह बुझा दी गई.
पति-पत्नी करीब 60 फीसदी झुलसे
इस हादसे में 35 साल के अनिल दास, पुत्र हरि नारायण, करीब 60 फीसदी झुलस गए. उनकी 30 साल की पत्नी खुशबू भी करीब 60 फीसदी झुलसी हैं. दोनों को PCR के जरिए राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है.
सिलेंडर फटने की वजह की जांच
फिलहाल शुरुआती जानकारी में छोटे LPG सिलेंडर में ब्लास्ट को आग लगने की वजह बताया गया है. हालांकि सिलेंडर में ब्लास्ट किन परिस्थितियों में हुआ, इसका अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस और संबंधित टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, हिमांशु भाऊ गैंग के 4 बदमाश गिरफ्तार
