सोहना में 60 साल पुराने अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, 250 मकान हटाने के बाद 80 लाख से बनेगी बाउंड्री वाल

गुरुग्राम/सोहना, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। पर्यटन विभाग की करीब साढ़े नौ एकड़ जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के बाद अब यहां बाउंड्री वाल बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। विभाग की ओर से जमीन के चारों ओर करीब छह फीट ऊंची दीवार बनाई जा रही है, जिस पर लगभग 80 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले करीब दस दिनों से निर्माण कार्य जारी है और एक हिस्से में दीवार का काम पूरा भी हो चुका है।

यह जमीन सोहना शहर के वार्ड नंबर 13 स्थित पीर कॉलोनी और पहाड़ कॉलोनी में है। बताया जाता है कि यहां पिछले करीब छह दशकों से लोगों ने अवैध रूप से मकान और कोठियां बना रखी थीं। करीब 250 अवैध निर्माणों के चलते पर्यटन विभाग की जमीन पर लंबे समय से कब्जा बना हुआ था। प्रशासन ने हाल ही में बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीनों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इन अवैध निर्माणों को हटाया।

कार्रवाई की कमान नोडल अधिकारी आरएस बाठ ने संभाली। अधिकारियों के अनुसार, करीब दस जेसीबी मशीनों की मदद से अभियान चलाकर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। खास बात यह है कि कब्जे वाली जमीन पर बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध थीं। यहां रहने वाले कई लोगों के राशन कार्ड और वोटर आईडी तक बने हुए थे। लंबे समय से आबादी रहने के कारण यह मामला प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच विवाद का विषय बना हुआ था।

हाल ही में पर्यटन विभाग को मामले में सफलता मिलने के बाद विभाग ने जमीन पर अपना कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू की और अवैध निर्माण हटाए गए। अब जमीन की सुरक्षा के लिए चारों ओर बाउंड्री वाल बनाई जा रही है। पर्यटन विभाग के स्थानीय मैनेजर सुनील शर्मा ने बताया कि कब्जामुक्त कराई गई भूमि पर विभाग ने अपना कब्जा ले लिया है और बाउंड्री वाल का निर्माण शुरू कर दिया गया है।

इस जमीन को लेकर पिछले करीब 15 वर्षों से अदालत और प्रशासनिक स्तर पर विवाद चल रहा था। निर्माण पूरा होने के बाद इस जमीन पर पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़ी योजनाएं तैयार की जाएंगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बाउंड्री वाल बनने के बाद जमीन को सुरक्षित रखा जा सकेगा और भविष्य में यहां पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top