पानीपत में सरेआम गुंडागर्दी, कार अड़ाकर किशोर को सड़क पर घसीटा; लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा

पानीपत। हरियाणा के पानीपत से सरेआम गुंडागर्दी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मतलौड़ा अड्डे पर कार सवार 4-5 युवकों ने एक किशोर पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने कार अड़ाकर बाइक सवार किशोर को सड़क पर घसीटा और इसके बाद लाठी-डंडों व लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई की।

बीच बाजार किशोर पर हमला

बताया जा रहा है कि घटना के दौरान किशोर चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन काफी देर तक कोई व्यक्ति बीच-बचाव के लिए सामने नहीं आया। हमलावरों ने बीच बाजार में किशोर की जमकर पिटाई की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों द्वारा किशोर के साथ मारपीट किए जाने की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल

किशोर के चीखने की आवाज सुनकर मौके पर राहगीर और स्थानीय लोग पहुंचे। घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुरू की जांच

फिलहाल वारदात में शामिल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि बीच बाजार में इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद हमलावर आसानी से मौके से फरार हो गए। लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top