फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के बीपीएल एवं अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) परिवारों को राहत देते हुए जून 2026 माह के लिए रियायती दरों पर फोर्टिफाइड सरसों तेल उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन परिवारों की परिवार पहचान पत्र (PPP) में सत्यापित वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक है, उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के माध्यम से यह सुविधा दी जाएगी।

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि प्रत्येक पात्र परिवार को हर माह दो लीटर फोर्टिफाइड सरसों तेल दिया जाएगा। सरकार द्वारा एक लीटर तेल 30 रुपये तथा दो लीटर तेल 100 रुपये की रियायती दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिलेवार तेल आवंटन का कार्य हैफेड और हर-हित (एचएआईसीएल) के बीच आपसी सहमति से तय किया गया है।
उन्होंने बताया कि जून माह की आपूर्ति को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित एजेंसियों को 20 से 30 मई के बीच कॉन्फेड के फोकल प्वाइंट तक तेल पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि 1 जून से उचित मूल्य की दुकानों पर वितरण शुरू किया जा सके। कॉन्फेड द्वारा परिवहन ठेकेदारों के माध्यम से सभी फेयर प्राइस शॉप्स तक डोर-स्टेप डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।
डीसी ने बताया कि सभी तेल की बोतलें एफएसएसएआई मानकों के अनुरूप होंगी तथा उन पर “Not for Sale – For PDS Only” अंकित रहेगा। साथ ही बोतलें पूरी तरह सीलबंद और लीकेज-प्रूफ होंगी। प्रत्येक बोतल पर निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, पोषण संबंधी जानकारी तथा “हरियाणा सरकार द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली हेतु आपूर्ति” संबंधी विवरण भी अंकित करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि गुणवत्ता नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक यह सुनिश्चित करेंगे कि तेल की गुणवत्ता एवं मात्रा की जांच के बाद ही उसे स्वीकार किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर तेल के नमूनों की लैब टेस्टिंग भी कराई जाएगी। एफएसएसएआई मानकों पर खरा न उतरने वाली एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि कुल आपूर्ति में 5 प्रतिशत तेल एक लीटर बोतलों में तथा 95 प्रतिशत तेल दो लीटर बोतलों में उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पारदर्शी और सुचारू तरीके से समय पर पहुंचे।