रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के महम विधानसभा क्षेत्र पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं के साथ हुए स्वागत से अभिभूत डॉ. गुप्ता ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित, अनुशासित और राष्ट्रहित के लिए कार्य करने वाले कार्यकर्ता हैं। संगठन की यही मजबूती भाजपा को देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाती है।

कार्यकर्ताओं की इसी ऊर्जा के बल पर पार्टी लगातार जनसेवा के अपने अभियान को आगे बढ़ा रही है। महम प्रवास के दौरान डॉ. अर्चना गुप्ता ने स्वागत समारोह को संबोधित किया। इसके बाद महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल में आयोजित ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम में प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद किया। वहीं, महम कम्युनिटी सेंटर में आयोजित तीज उत्सव में शामिल होकर उन्होंने भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और नारी शक्ति का संदेश दिया।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास और सुशासन का नया अध्याय लिख रहा है। प्रदेश में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में बड़े स्तर पर विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि महम क्षेत्र में भी घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने समेत अनेक विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
विभाजन की विभीषिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उल्लेख करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि देश का विभाजन भारतीय इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक था। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की सत्ता की लालसा के कारण देश को विभाजन जैसी त्रासदी झेलनी पड़ी। इस दौरान लाखों परिवार उजड़ गए, महिलाओं पर अमानवीय अत्याचार हुए, मासूम बच्चों की निर्मम हत्याएं हुईं और लाशों से भरी रेलगाड़ियां भारत पहुंचीं।
उन्होंने कहा कि विभाजन का दर्द आज भी करोड़ों भारतीयों की स्मृतियों में जीवित है। इतिहास की ऐसी घटनाओं से सीख लेते हुए राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखा जाना चाहिए। डॉ. गुप्ता ने कहा कि दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की एकता और अखंडता के साथ गरीब, किसान, महिला और युवा कल्याण के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक बन चुका है।
भाजपा में कार्यकर्ता सर्वोपरि, कांग्रेस में परिवार सर्वोपरि
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस आज परिवारवाद और स्वार्थ की राजनीति तक सिमटकर रह गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब ‘बाबू-बेटे’ की पार्टी बन चुकी है, जहां कार्यकर्ताओं से अधिक महत्व एक परिवार को दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत भाजपा में एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, निष्ठा और समर्पण के बल पर संगठन में सर्वोच्च जिम्मेदारियां हासिल कर सकता है।
पेपर लीक पर कठोर कानून, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान कई बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आईं, लेकिन दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने कठोर कानून बनाकर पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई का रास्ता तैयार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।
किसानों और महिलाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध भाजपा सरकार
डॉ. गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। हरियाणा में 24 फसलों पर एमएसपी दी जा रही है और किसानों का एक-एक दाना खरीदने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खातों में प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता भेजी जा रही है।
महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। लाडो लक्ष्मी योजना, रियायती गैस सिलेंडर, आवास योजनाओं और शौचालय निर्माण जैसी विभिन्न योजनाओं से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो संकल्प लेती है, उसे पूरा करके दिखाती है।
तीज उत्सव में झूला झूलकर दिया संस्कृति संरक्षण का संदेश
महम कम्युनिटी सेंटर में आयोजित तीज उत्सव में डॉ. अर्चना गुप्ता ने महिलाओं के साथ पारंपरिक झूले का आनंद लिया और सभी को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय पर्व, त्योहार और परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
