भाजपा का कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति : पंकज रामपाल

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। भारतीय जनता पार्टी फ़रीदाबाद के जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी एवं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी व जनहितकारी योजनाएं प्रदेश के जन-जन को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बना रही हैं। यही सुशासन का वास्तविक स्वरूप है। इन योजनाओं को बूथ स्तर पर संवाद, सेवा और संपर्क के माध्यम से आम जनता तक पहुँचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।

भारतीय जनता पार्टी फरीदाबाद की एक अत्यंत महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक ‘अटल कमल’ भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मंडल सुदृढ़ीकरण, बूथ मजबूती तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। ज़िला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने जिला फरीदाबाद के मंडल अध्यक्षों को एक वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्षों एवं मंडल कार्यकर्ताओं की मेहनत, निष्ठा और समर्पण के कारण ही फरीदाबाद जिला हरियाणा के अग्रणी जिलों में शामिल है, जिसका श्रेय मंडल अध्यक्ष और मंडल की पूरी टीम को जाता है। ज़िला अध्यक्ष ने मंडल प्रभारियों के साथ मंडल के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की और संगठन मंजबूत करने एवं संगठनात्मक कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये ।

पंकज रामपाल ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता ही पार्टी की असली शक्ति है। अनुशासन, निष्ठा और सक्रियता के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से संगठन की कार्यपद्धति, संगठन विस्तार, शक्तिकेंद्र एवं बूथ गठन, मंडल प्रवास तथा अन्य संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में “मन की बात” कार्यक्रम को लेकर भी विशेष चर्चा हुई।

“मन की बात” की जिला संयोजक अरुणिमा सिंह ने बताया कि पिछले 6 महीनों से फरीदाबाद जिले के सभी 877 बूथों पर मन की बात कार्यक्रम सुना गया तथा इसकी 100% रिपोर्टिंग ‘सरल ऐप’ पर सफलतापूर्वक की गई है। इसके लिए उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों एवं मंडल टीमों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगे भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के इस राष्ट्रहितकारी संवाद कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर सामूहिक रूप से सुना जाएगा।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top