चंडीगढ़, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी के मीडिया और सोशल मीडिया विभाग की एक अहम कार्यशाला चंडीगढ़ में आयोजित की गई, जिसमें कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों और कथित झूठे दावों का तथ्यों के साथ जवाब देने की रणनीति पर चर्चा की गई। इस कार्यशाला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी की मीडिया टीम को संवाद और तथ्य आधारित प्रस्तुति के मंत्र दिए।

कार्यशाला में पार्टी प्रवक्ताओं, जिला मीडिया प्रभारियों और सोशल मीडिया पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पार्टी के प्रवक्ता सरकार की योजनाओं और नीतियों को जनता तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उन्होंने मीडिया पदाधिकारियों से कहा कि वे हर ताज़ा जानकारी से अपडेट रहें और सकारात्मकता व तथ्यों के साथ अपनी बात रखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की जनता भाजपा सरकार के कार्यों से संतुष्ट है और जनता पार्टी के हर वक्तव्य को गंभीरता से सुनती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक शब्द जिम्मेदारी के साथ रखा जाना चाहिए।
कांग्रेस पर निशाना, वादों और उपलब्धियों का उल्लेख
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह संविधान खतरे में होने, ईवीएम में गड़बड़ी और वोट चोरी जैसे आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने कांग्रेस की इन भ्रामक बातों पर विश्वास करना बंद कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जो वादा करती है, उसे संकल्प के साथ पूरा करती है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 217 वादे किए थे, जिनमें से एक वर्ष के भीतर 53 वादों को पूरा किया जा चुका है।
योजनाओं से जनता को मिल रहा सीधा लाभ
कार्यशाला के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को मुफ्त इलाज मिल रहा है। हरियाणा में किडनी रोगियों के लिए निशुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही किसानों की 24 फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदा जा रहा है, जबकि महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के इलाज की जिम्मेदारी भी भाजपा सरकार उठा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जिला अस्पतालों को निजी अस्पतालों जैसी सुविधाओं से लैस करने का संकल्प लिया गया है, जिसके तहत 10 जिलों में यह व्यवस्था लागू हो चुकी है और शेष जिलों में भी जल्द व्यवस्था की जाएगी।
राष्ट्रीय प्रवक्ता का फोकस: तथ्यों के साथ संवाद
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने मीडिया पदाधिकारियों से कहा कि उन्हें हर विषय की पूरी जानकारी रखनी चाहिए और पार्टी का पक्ष मजबूती से तथ्यों के आधार पर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में देश ने तेज़ी से विकास किया है।
सुधांशु त्रिवेदी ने स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और सूर्य घर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने समाज की सोच को बदलने का काम किया है। उन्होंने बताया कि सूर्य घर योजना के तहत एक करोड़ घरों को सोलर पैनल से बिजली उपलब्ध कराने की योजना से न केवल पर्यावरण को लाभ हुआ है, बल्कि सरकार के खजाने पर भी अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ा है।
संगठनात्मक सत्र और मीडिया रणनीति
कार्यशाला के पहले सत्र में प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने मीडिया और सोशल मीडिया टीम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की मीडिया टीम लगातार विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देती रही है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति को केंद्र में रखकर योजनाएं बना रही है, जिसका लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
इस सत्र में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, सोशल मीडिया संयोजक अरुण यादव और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली ने भी मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया रणनीति और राजनीतिक नैरेटिव पर अपने विचार रखे।
राजनीतिक विश्लेषण
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह कार्यशाला भाजपा की मीडिया रणनीति को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।