रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी, जिला रोहतक द्वारा जारी साप्ताहिक उपस्थिति सूची के तहत जिला उपाध्यक्ष नवीन ढुल ने जिला कार्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान की दिशा में सक्रिय पहल की। जिला अध्यक्ष अधिवक्ता रणबीर ढाका द्वारा पदाधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान हेतु जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं, जिसके अनुरूप नवीन ढुल ने प्रशासनिक अधिकारियों से प्रत्यक्ष बातचीत और फोन पर समन्वय कर कई मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया।

कार्यालय में आए लोगों की समस्याओं में बिजली-पानी आपूर्ति, नगर निगम से संबंधित शिकायतें, वृद्धावस्था व सामाजिक पेंशन, राशन कार्ड, परिवार पहचान पत्र, पुलिस एवं राजस्व विभाग से जुड़े विषय शामिल रहे। कई मामलों में आवश्यक दिशा-निर्देश तुरंत प्राप्त हुए, जबकि शेष मामलों को विभागों को लिखित रूप में अवगत कराकर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
नवीन ढुल ने विशेष रूप से लाखनमाजरा बास्केटबॉल ग्राउंड में तिरंगा लगाने, वार्ड नंबर-1 सूर्य नगर की गली निर्माण और गोहाना अड्डे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुधार जैसे मुद्दों पर संबंधित विभागों से समन्वय किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की प्राथमिकता जनसमस्याओं पर गंभीर संवाद और प्रशासनिक सहयोग के माध्यम से समाधान सुनिश्चित करना है।