नई दिल्ली, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। राज्यसभा में कांग्रेस द्वारा Chaudhary Charan Singh के पोते जयंत चौधरी को बोलने से रोकने पर पूरी भाजपा आग बबूला है। हरियाणा भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद बिप्लब कुमार देब ने तो राज्यसभा में जयंत चौधरी को बोलने से रोकने पर कांग्रेस के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस को किसान विरोधी और जाट समाज की विरोधी बताया है।
बिप्लब देब ने कहा है कि जो कांग्रेस अब किसानों और जाट समाज के विरोध में उतर आई है। उन्होंने कहा कि कभी कांग्रेस भगवान राम के अस्तित्व को नकारती है तो कभी मेहनतकश जाट समाज के उस सम्मानित व्यक्ति का भी मजाक उड़ाती है, जो अपनी मेहनत के बल पर उपराष्ट्रपति के सम्मानित पद पर आसीन हैं, लेकिन अब चौधरी चरण सिंह के पोते जयंत चौधरी को राज्यसभा में बोलने से रोकने से कांग्रेस का किसान विरोधी चेहरा भी देश के सामने उजागर हो गया है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार सुबह राज्य सभा में किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह के पोते जयंत चौधरी केंद्र सरकार द्वारा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने पर मोदी सरकार की तारीफ करते हुए इसे पूरे देश का सम्मान बताया तो कांग्रेस के नेताओं ने हंगामा शुरू कर दिया और जयंत को बोलने से रोका। जिस पर सभापति जगदीप धनखड़ को भी कहना पड़ा कि चौधरी चरण सिंह का अपमान सदन में सहन नहीं होगा।
अब इसी मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरा है। हरियाणा भाजपा प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि चौधरी चरण सिंह के पोते जयंत को बोलने से रोकने से साफ हो गया है कि कांग्रेस नहीं चाहती थी कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिले। देब ने कहा कि कांग्रेस किसानों का हित नहीं चाहती। बिप्लब ने कहा कि जब हरियाणा में कांग्रेस की सरकार थी तो कांग्रेस किसानों को मुआवजा के नाम पर दो-दो रुपए के चेक देती थी।