फरीदाबाद में एलपीजी वितरण पर गड़बड़ी के आरोप, बिना बुकिंग हो रही डिलीवरी से उपभोक्ता परेशान

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। शहर में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर गड़बड़ी के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई लोगों ने शिकायत की है कि बिना बुकिंग किए ही उनके मोबाइल पर गैस बुक होने के संदेश आ रहे हैं। जब वे एजेंसी पर जाकर जानकारी लेते हैं तो रिकॉर्ड में उनके नाम से बुकिंग दर्ज मिलती है, जबकि उन्होंने ऐसी कोई प्रक्रिया नहीं की होती।

दूसरी ओर, जिन उपभोक्ताओं ने सही तरीके से गैस सिलेंडर बुक कराया, उन्हें समय पर डिलीवरी नहीं मिल रही। कुछ मामलों में सिलेंडर तय पते के बजाय अन्य जगह पर पहुंचा दिए जाने की शिकायत भी सामने आई है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उनकी जानकारी के बिना ही बुकिंग कर दी जाती है और शिकायत करने के बाद भी तुरंत समाधान नहीं मिलता, जिससे उन्हें कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है।

इस स्थिति के बीच गैस एजेंसियों द्वारा 30 मार्च तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। नोटिस में साफ लिखा गया है कि यदि तय समय सीमा तक केवाईसी पूरी नहीं की गई तो गैस बुकिंग बंद की जा सकती है। इससे उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है, क्योंकि एक ओर उन्हें सिलेंडर के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर केवाईसी के लिए भी एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

हालांकि कुछ एजेंसियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी शुरू की है, ताकि लोगों को थोड़ी राहत मिल सके। शहर की गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लंबी कतारें लगातार बनी हुई हैं। लोग सुबह से ही लाइन में लग जाते हैं, लेकिन कई घंटों तक इंतजार करने के बाद भी नंबर नहीं आ पाता। कई उपभोक्ताओं को बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ रही है।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग का कहना है कि फरीदाबाद में एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। विभाग की ओर से कालाबाजारी और दुरुपयोग रोकने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत अब तक कई मामले दर्ज किए जा चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top