बारिश से निपटने को अलर्ट मोड में प्रशासन, जलभराव रोकने के व्यापक इंतजाम

फरीदाबाद, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। जिले में हुई बारिश के बाद जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उपायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देश पर नगर निगम, फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए), जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को फील्ड में तैनात कर दिया गया है।

पानी की निकासी के लिए शहर के प्रमुख चौकों, मुख्य सड़कों, अंडरपास और जलभराव संभावित स्थानों पर वाटर पंपिंग टैंकर, पंपिंग सेट व अन्य आवश्यक मशीनरी लगाई गई है, ताकि वर्षा का पानी जल्द निकाला जा सके और यातायात प्रभावित न हो। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि जहां भी जलभराव की आशंका हो, वहां पहले से ही आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं और पानी जमा होने की स्थिति बनने से पहले ही प्रभावी कदम उठाए जाएं। यदि किसी क्षेत्र में जलभराव की सूचना मिलती है तो संबंधित टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर पानी की निकासी सुनिश्चित करेगी। बारिश के मौसम में नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु यातायात जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगे और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मशीनरी व कर्मचारियों की भी व्यवस्था की जाएगी। उपायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशानुसार वर्षा ऋतु के दौरान विशेष मॉनिटरिंग व्यवस्था भी लागू की गई है। जिले में हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) स्तर के अधिकारियों की अलग-अलग क्षेत्रों में ड्यूटी लगाई गई है।

ये अधिकारी 24 घंटे अपने-अपने क्षेत्रों की निगरानी करेंगे और प्रतिदिन निर्धारित प्रारूप में अपनी रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपेंगे। इनके साथ संबंधित क्षेत्रों के कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता भी तैनात रहेंगे, ताकि जल निकासी संबंधी किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। उपायुक्त ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top