फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। सामाजिक कुरीतियों और फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के उद्देश्य से राजपूत समाज की महापंचायत का आयोजन ऊंचा गांव में किया गया। इसमें फरीदाबाद और पलवल से समाज के लोगों ने भाग लिया। पंचायत में सामाजिक सुधार से जुड़े 21 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

महापंचायत में तय किया गया कि सगाई की रस्म केवल 1 रुपये में होगी और मृत्यु भोज पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। विवाह समारोह में वर और वधू दोनों पक्ष अधिकतम 500 मेहमानों को ही आमंत्रित कर सकेंगे। साथ ही शादी में शराब परोसने और आतिशबाजी करने पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया गया।
पंचायत ने विवाह समारोह दिन के समय आयोजित करने को प्राथमिकता देने की बात कही। तेज संगीत वाले गानों पर प्रतिबंध लगाने के साथ सेवानिवृत्ति के अवसर पर होने वाली पार्टियों को भी प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इन फैसलों का उद्देश्य सामाजिक आयोजनों में अनावश्यक खर्च और दिखावे को कम करना है।
किन्नर समाज को दिए जाने वाले नेग की राशि भी निर्धारित की गई है। सगाई, विवाह और नवजात शिशु का चेहरा देखने की रस्म के अवसर पर अधिकतम 5100 रुपये देने का निर्णय लिया गया। पंचायत का मानना है कि इन नियमों से परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा।
बल्लभगढ़ की पूर्व विधायक शारदा राठौर ने कहा कि महापंचायत में लिए गए निर्णय सामाजिक कुरीतियों को रोकने में महत्वपूर्ण साबित होंगे। इससे युवा पीढ़ी को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए अग्रणी लोगों को आगे आकर पहल करनी होगी।
पंचायत में पारित प्रस्तावों को लागू कराने के लिए एक कमेटी का गठन भी किया गया। यह कमेटी समाज के जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में आर्थिक सहायता करेगी। इसके अलावा मेधावी विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
महापंचायत में निर्णय लिया गया कि छह महीने बाद दोबारा बैठक कर इन 21 नियमों के क्रियान्वयन और उनके प्रभाव की समीक्षा की जाएगी। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर राजाराम ने उम्मीद जताई कि समाज के लोग पंचायत के सभी फैसलों का पालन करेंगे।
महापंचायत की अध्यक्षता गुरुदयाल तोमर ने की। पंचायत के संयोजक प्रताप भाटी ने कहा कि यह आयोजन समाज सुधार की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। पंचायत के समन्वयक राजेश रावत ने सभी 21 प्रस्तावों को विस्तार से रखते हुए उपस्थित लोगों से हाथ उठवाकर सहमति प्राप्त की।
इस अवसर पर डॉ. हरेंद्र पाल, चांदपुर गांव के सरपंच सूरजपाल भूरा, हुकम सिंह भाटी, मुकेश भाटी, सुरेंद्रपाल, गजेंद्र सरपंच, जिला बार के प्रधान बाबी रावत, हरेंद्र भाटी, सोदान सिंह, किरणपाल और सुमित चेयरमैन सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
