फरीदाबाद। डबुआ-गाजीपुर इलाके में नकाबपोश हमलावरों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। करीब दर्जनभर बदमाशों ने युवक को बीच बाजार घेरकर लाठी-डंडों और सरियों से बुरी तरह पीटा। इसके बाद उसे पैर पकड़कर सड़क पर दूर तक घसीटा। लगभग 4 मिनट तक चली इस वारदात में युवक की दोनों टांगें टूट गईं। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।

घायल को बीके नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर कर दिया गया। पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
दोस्त के साथ दूध लेने निकला था सागर
घायल युवक की पहचान डबुआ कॉलोनी निवासी सागर के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में काम करता है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे सागर अपने दोस्त के साथ दुकान से दूध लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान डबुआ-गाजीपुर में मस्जिद के पास नकाबपोश युवकों ने दोनों को घेर लिया और सागर पर हमला शुरू कर दिया।
अचानक हुए हमले से घबराकर सागर का दोस्त मौके से भाग निकला, जबकि सागर हमलावरों के बीच फंस गया। आरोपितों ने उसे सड़क पर गिराकर लाठी-डंडों और सरियों से लगातार वार किए।
चार मिनट तक मारपीट, सड़क पर घसीटा
सीसीटीवी फुटेज में हमलावर सागर को सड़क पर गिराकर पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोपितों ने उसके पैर पकड़कर उसे सड़क पर काफी दूर तक घसीटा। इस दौरान कुछ हमलावरों ने आसपास की दुकानों की तरफ पथराव भी किया।
वारदात के समय घटनास्थल के आसपास लोगों की मौजूदगी के बावजूद कोई भी युवक को बचाने के लिए आगे नहीं आया। हमलावरों के फरार होने के बाद परिजन घायल सागर को बीके नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, हमले में सागर की दोनों टांगें टूट गई हैं। इसके अलावा उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
पुरानी रंजिश के एंगल से जांच
डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह के अनुसार, पुलिस को घटना का सीसीटीवी फुटेज मिला है। फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले सागर के दोस्त का कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था। उस समय सागर भी वहां मौजूद था। पुलिस इस पुराने विवाद को हमले की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि सागर के बयान दर्ज करने के लिए पुलिस टीम दिल्ली भेजी गई है। फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
