फरीदाबाद: शुभगमन सिटी बसों का सुरक्षा ऑडिट शुरू, 25 बसें रूटों से हटाईं

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। बल्लभगढ़ की सिटी बस सेवा शुभगमन की 25 बसों को सुरक्षा जांच के लिए रूटों से हटा दिया गया है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने बसों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया है। बसों का तकनीकी ऑडिट किए जाने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, यात्रियों का कहना है कि कुछ समय की देरी दुर्घटना होने से बेहतर है।

बसों की जांच के लिए गुरुग्राम से आई सुरक्षा ऑडिट कमेटी ने अपना काम शुरू कर दिया है। टीम में बस निर्माता कंपनी जेबीएम के इंजीनियर और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। जांच के दौरान बसों में तकनीकी खामियों का पता लगाया जा रहा है, ताकि किसी भी कमी को समय रहते दूर किया जा सके।

शुभगमन सिटी बस सेवा की बसों में तकनीकी खराबी आने की शिकायतें सामने आती रही हैं। कई बार बसें विभिन्न रूटों पर खराब होने के कारण खड़ी दिखाई देती थीं। चूंकि ये बसें सीएनजी से संचालित होती हैं, इसलिए यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। शहर में सीएनजी वाहनों में आग लगने की घटनाओं के मद्देनजर बसों की जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

एफएमडीए ने किसी संभावित दुर्घटना को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 25 बसों को फिलहाल रूटों से हटाकर उनके सुरक्षा ऑडिट की व्यवस्था की है। सुरक्षा जांच के चलते बस अड्डे पर पहुंचे यात्रियों को उस समय निराशा हुई, जब उन्हें पता चला कि बसें फिलहाल रूटों पर नहीं चल रही हैं। यात्रियों को बताया गया कि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद बसों को दोबारा रूटों पर उतारा जाएगा।

तिरखा कॉलोनी निवासी चीटू कुमार ने बताया कि उन्हें बल्लभगढ़ से बाईपास होते हुए सेक्टर-30 पुलिस लाइन के पास जाना था। बस अड्डे पर पहुंचने के बाद उन्हें शुभगमन बस सेवा बंद होने की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि इंजीनियरों द्वारा बसों की जांच किया जाना जरूरी है, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

मंझावली रूट पर सफर करने वाले राजकुमार ने कहा कि इस रूट पर शुभगमन सिटी बस सेवा यात्रियों के लिए अच्छा साधन है। बसों की सुरक्षा जांच करना सही कदम है। इससे कुछ समय के लिए परेशानी जरूर होगी, लेकिन दुर्घटना होने से बेहतर है कि पहले ही संभावित खामियों को दूर कर लिया जाए।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top