पल्ला-सेहतपुर से बसंतपुर मार्ग होगा फोरलेन, 35 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण

मंत्री राजेश नागर की कोशिशें रंग लाई, करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
4.6 किलोमीटर से अधिक लंबे मार्ग पर बस स्टॉप सहित मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, लाखों लोगों को मिलेगा लाभ

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। तिगांव विधानसभा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पल्ला-सेहतपुर से बसंतपुर तक जाने वाले प्रमुख मार्ग को फोरलेन किया जाएगा। करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से 4.6 किलोमीटर से अधिक लंबे इस मार्ग का निर्माण प्रस्तावित है। सड़क के फोरलेन बनने से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होने और लोगों के आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने बताया कि पल्ला-सेहतपुर से बसंतपुर मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख जरूरतों में शामिल रही है। सरकार की ओर से अब इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क और कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

प्रस्तावित फोरलेन मार्ग में बस स्टॉप समेत यात्रियों और वाहन चालकों की जरूरत के अनुसार आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इस परियोजना से पल्ला, सेहतपुर, बसंतपुर, अगवानपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में रहने वाली बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। मंत्री के अनुसार सड़क के चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण से दैनिक आवागमन आसान होगा।

इसके अलावा सेक्टर-35, सेक्टर-37, अशोका एन्क्लेव, सराय ख्वाजा, मोलरबंध, एत्मादपुर, आईपी कॉलोनी, बदरपुर और अगवानपुर डेयरी समेत आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। राजेश नागर ने परियोजना को मंजूरी दिलाने और इसे आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास परियोजनाओं को गति दी जा रही है।

तिगांव विधानसभा क्षेत्र में भी स्थानीय जरूरतों के अनुरूप सड़क, परिवहन और कनेक्टिविटी से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top