फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। फरीदाबाद के सूरजकुंड में रविवार को ‘नशा-मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजकों के अनुसार मैराथन के लिए 1.35 लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया था। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लिया।

मैराथन के दौरान प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैराथन में शामिल लोगों की भागीदारी नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने का संदेश देती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा, कौशल, रोजगार तथा अन्य सकारात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए सरकार के साथ परिवार, स्कूल और समाज की भी भूमिका महत्वपूर्ण है। माता-पिता और शिक्षकों को बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने की जरूरत है। मैराथन में 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की अलग-अलग दौड़ आयोजित की गई। विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार इन दौड़ों में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे से संबंधित किसी भी समस्या के मामले में सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल और स्वस्थ गतिविधियों से जोड़कर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत नशामुक्ति का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘हरियाणा उदय’ कार्यक्रम के माध्यम से भी नशामुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
21.1 किलोमीटर पुरुष वर्ग में प्रशांत चौधरी ने पहला स्थान हासिल किया। विक्रम सिंह प्रथम रनर-अप और अनुज मीणा द्वितीय रनर-अप रहे। 21.1 किलोमीटर महिला वर्ग में सोनिका विजेता रहीं। मानव राणा प्रथम रनर-अप और भूमिका द्वितीय रनर-अप रहीं। 10 किलोमीटर पुरुष वर्ग में रोहित कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। गौरव प्रथम रनर-अप और निशांत करहाना द्वितीय रनर-अप रहे। 10 किलोमीटर महिला वर्ग में नीरू रानी विजेता रहीं। सोनिया उपाध्याय प्रथम रनर-अप और रीमा पटेल द्वितीय रनर-अप रहीं।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, राजस्व मंत्री विपुल गोयल, खाद्य एवं पूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर, खेल मंत्री गौरव गौतम, बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक धनेश अधलखा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, मेयर प्रवीण जोशी, पुलिस आयुक्त सत्येन्द्र गुप्ता और उपायुक्त आयुष सिन्हा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी, क्रिकेटर शिखर धवन, देसी रॉकस्टार एमडी, पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल और फरीदाबाद महानगर जिलाध्यक्ष सोहन पाल सहित बड़ी संख्या में नागरिक, खिलाड़ी और सामाजिक कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन के माध्यम से नशामुक्ति के साथ-साथ फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।
