फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। वार्ड नंबर 27 में रविवार को करीब 1.55 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इस दौरान 27 फुटा आरसीसी सड़क और नाले के निर्माण कार्य की शुरुआत हरियाणा सरकार में राज्यमंत्री राजेश नागर ने स्थानीय बुजुर्गों के हाथों नारियल फुड़वाकर कराई। निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय निवासियों ने सरकार और राज्यमंत्री राजेश नागर का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि फरीदाबाद में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है और सड़क, नाले, सीवर, जल निकासी तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 27 में 27 फुटा आरसीसी सड़क और नाले का निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन के साथ-साथ जल निकासी की समस्या से भी काफी राहत मिलेगी।
लंबे समय से क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क और जल निकासी व्यवस्था की आवश्यकता महसूस हो रही थी। मंत्री नागर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि स्वीकृत परियोजनाओं को धरातल पर उतारकर उनका वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं और जहां भी नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
राजेश नागर ने क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और आवश्यक परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से फरीदाबाद में विकास की नई गति देखने को मिल रही है। सड़क, सीवर, नाले, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस मौके पर पार्षद सरोज शीशराम अवाना ने राज्यमंत्री राजेश नागर का आभार जताते हुए कहा कि 27 फुटा आरसीसी सड़क और नाले का निर्माण पूरा होने के बाद वार्ड के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से आवागमन बेहतर होगा और नाले के निर्माण से जल निकासी की समस्या का भी समाधान होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में वार्ड नंबर 27 से पार्षद रूबी सरोज शीशराम अवाना, भाजपा युवा मोर्चा के जिला सचिव बलेश्वर जैलदार, डॉ. राजेंद्र नागर, साहू प्रधान सहित आरडब्ल्यूए के अनेक सदस्य और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
