रोहतक में युवाओं और विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के अवसर, आईटीआई में 7 व नवोदय विद्यालय में 30 सितंबर तक आवेदन

रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि जिले के युवाओं एवं विद्यार्थियों के लिए तकनीकी शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध हैं। गांव हसनगढ़ स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सत्र 2026-27 के दाखिले की ऑनलाइन प्रक्रिया पुन: शुरू हो गई है, जबकि गांव घुसकानी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 9वीं एवं 11वीं की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है।

उपायुक्त ने बताया कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हसनगढ़ में विभिन्न व्यवसायों की रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए अभ्यर्थी 7 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। संस्थान में इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन, एम.ए.ई.ई., एम.एम.वी., सी.एन.सी. मशीनिंग तकनीशियन, आर.ए.सी. सहित कुल 20 व्यवसायों में प्रवेश के अवसर उपलब्ध हैं। इच्छुक अभ्यर्थी संस्थान में स्थापित सहायता केंद्र पर पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय घुसकानी में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए वर्तमान सत्र 2026-27 में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी तथा कक्षा 11वीं के लिए कक्षा 10वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी पात्र होंगे।

उपायुक्त ने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पूर्णत: आवासीय इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ भोजन, आवास, पुस्तकालय, खेलकूद सहित विभिन्न सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं।

उन्होंने पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की कि निर्धारित समय सीमा का ध्यान रखते हुए समय पर आवेदन करें और उपलब्ध शैक्षिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण के अवसरों का लाभ उठाएं। आईटीआई में दाखिले से संबंधित जानकारी हरियाणा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान दाखिला पोर्टल पर तथा नवोदय विद्यालय में प्रवेश संबंधी जानकारी नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट पर प्राप्त की जा सकती है।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top