पानीपत: राखी बंधवाकर नहर में नहाने गया था 16 साल का समीर, 48 घंटे बाद मिला शव


पानीपत में रक्षाबंधन के दिन बहन से राखी बंधवाने के बाद नहर में नहाने गए 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई. करीब 48 घंटे की तलाश के बाद रविवार सुबह उसका शव गांव नारायणा के पास नहर में बहता हुआ मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

अर्जुन नगर निवासी 16 वर्षीय समीर रक्षाबंधन के दिन अपनी बहन से रक्षासूत्र बंधवाने के बाद घर से निकला था. वह अपने दो नाबालिग मामा के साथ पास की नहर पर नहाने गया था. नहर पर पहुंचने के बाद उसने दोनों मामाओं को पानी में नहाते देखा. इसके बाद समीर ने भी नहर में छलांग लगा दी. पानी गहरा होने और बहाव तेज होने के कारण वह संतुलन नहीं संभाल सका और देखते ही देखते पानी में डूबकर लापता हो गया.

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में हत्या के प्रयास के आरोपियों की परेड, पिस्टल लहराकर किया था हमला

मां से कहा था- थोड़ी देर में घर आ रहा हूं

समीर की मां पार्वती के मुताबिक, बेटा घर से यह कहकर निकला था कि वह नाना के घर जा रहा है. दोपहर करीब 3 बजे उन्होंने समीर को फोन किया और घर लौटने के लिए कहा. समीर ने जवाब दिया था कि वह कुछ ही देर में वापस आ जाएगा. लेकिन इसके बाद उसका फोन नहीं आया और वह घर भी नहीं लौटा. काफी देर तक समीर के वापस नहीं आने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान पता चला कि वह अपने दो नाबालिग मामाओं के साथ नहर में नहाने गया था.

48 घंटे बाद नहर में मिला शव

समीर के नहर में डूबने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और पुलिस की ओर से उसकी तलाश की जा रही थी. करीब 48 घंटे बाद रविवार सुबह गांव नारायणा के पास नहर में उसका शव बहता हुआ मिला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया. पुलिस ने मामले में आगामी जांच शुरू कर दी है.

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम

समीर की मां पार्वती ने बताया कि परिवार में दो बच्चे थे- एक बेटा समीर और एक बेटी. इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. रक्षाबंधन के दिन बहन से राखी बंधवाने के बाद घर से निकला समीर कभी वापस नहीं लौटा. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.

यह भी पढ़ें- पानीपत: द ग्रेट खली की गाड़ी का एक्सीडेंट, पंजाब से जा रहे थे सोनीपत



Source link

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top