पलवल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। पलवल जिले के युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, नेतृत्व विकास और जनकल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम, पलवल परिसर में ‘माय भारत केंद्र’ की स्थापना की जाएगी। इसके लिए हरियाणा खेल विभाग ने स्टेडियम भवन को किराया मुक्त उपलब्ध कराने की अनुमति प्रदान कर दी है।

हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि खेल विभाग के निदेशक की ओर से जिला खेल अधिकारी, पलवल को इस संबंध में पत्र भेजा गया है। पत्र के अनुसार, नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम की इमारत में ‘माय भारत केंद्र’ की स्थापना के लिए भवन को तीन वर्ष की अवधि तक किराया मुक्त उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, केंद्र को भवन के उपयोग के दौरान विभाग द्वारा निर्धारित सभी नियमों और शर्तों का पालन करना होगा।
रखरखाव, बिजली-पानी और प्रॉपर्टी टैक्स का खर्च उठाएगा ‘माय भारत केंद्र’
राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि भवन के रखरखाव और आवश्यक मरम्मत, बिजली-पानी के बिल तथा प्रॉपर्टी टैक्स सहित अन्य संबंधित खर्चों का वहन ‘माय भारत केंद्र’ द्वारा किया जाएगा। विभाग की ओर से भवन उपलब्ध कराने के साथ ही उसके उचित रखरखाव और निर्धारित शर्तों के पालन की जिम्मेदारी भी केंद्र की होगी।
खेल के साथ युवाओं के सर्वांगीण विकास को मिलेगा नया मंच
गौरव गौतम ने कहा कि ‘माय भारत केंद्र’ के माध्यम से पलवल के युवाओं को सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों, स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही युवाओं को सरकार की युवा केंद्रित योजनाओं और विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम परिसर में केंद्र की स्थापना से जहां खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए भी एक सशक्त मंच तैयार होगा। यह पहल जिले के युवाओं को सकारात्मक, रचनात्मक और जनहित से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
