फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने फरीदाबाद के तिगांव स्थित सरकारी वेयरहाउस (गोदाम) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ खाद्य आपूर्ति विभाग की जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) और विभाग के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान गोदाम परिसर में चारों तरफ फैली गंदगी, रख-रखाव की कमी और बदहाल व्यवस्था को देखकर मंत्री राजेश नागर ने बेहद गहरी नाराजगी जताई। वेयरहाउस में अनाज के सही रखरखाव में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए।
खाद्य मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी कि सरकारी राशन और अनाज के भंडारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गोदाम में साफ-सफाई और अनाज की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, अन्यथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
