दिल्ली के निहाल विहार के लक्ष्मी पार्क में 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की मौत के मामले में CCTV फुटेज से घटनाक्रम की अहम कड़ियां सामने आई हैं. परिवार का आरोप है कि वारदात से कुछ समय पहले घर के CCTV कैमरे बंद कर दिए गए थे. इसके बाद पत्नी रेखा के मायके से 6 लोग घर पहुंचे और विनय के साथ मारपीट की गई.
पड़ोसी के कैमरे में आरोपियों के घर में दाखिल होने से लेकर घायल विनय को बाहर ले जाने तक की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं. पुलिस ने पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.
दिल्ली में आज होगी बारिश? धूप और उमस के बीच आया यह अपडेट
दोपहर में घर पहुंचे थे 6 लोग
परिवार के मुताबिक, शुक्रवार को बच्चे को दवाई लगाने को लेकर विनय और उसकी पत्नी रेखा के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद रेखा घर से बाहर चली गई. आरोप है कि करीब 10 मिनट बाद वह अपने पिता, दो भाइयों, बड़ी भाभी और चाचा समेत 6 लोगों के साथ लौटी.
पड़ोसी के CCTV फुटेज के अनुसार, दोपहर करीब 1:12 पर रेखा के मायके से आए लोग घर में दाखिल हुए. इसके करीब 12 मिनट बाद 1:24 पर पड़ोसी विनय को बेसुध हालत में कंधे पर उठाकर घर से बाहर लाते दिखाई दिए.
परिवार का आरोप, घर में पहुंचते ही विनय से मारपीट
विनय की मां का आरोप है कि मायके से आए लोगों के लिए विनय पानी लेकर आया था, लेकिन बातचीत करने के बजाय उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई. आरोप है कि विनय का गला दबाया गया और उसकी छाती पर हाथ-पैर से वार किए गए.
पिटाई के बाद वह कमरे में गिरकर बेसुध हो गया. मां के मुताबिक, उन्होंने बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन रेखा ने उनकी बांह पकड़कर उन्हें दूर कर दिया. उस समय विनय के पिता और बहन घर से बाहर गए हुए थे.
पत्नी से विवाद के बाद बढ़ा मामला
विनय की मां के अनुसार, बच्चे को दवाई लगाने को लेकर पति-पत्नी के बीच मामूली विवाद हुआ था. आरोप है कि विनय के ऊंची आवाज में बात करने से रेखा नाराज हो गई और वह घर से निकल गई. इसके बाद उसके मायके वालों के घर पहुंचने पर मामला हिंसक हो गया.
परिवार का कहना है कि रेखा के भाई और पिता ने विनय से विवाद की वजह जानने की कोशिश तक नहीं की और उसकी पत्नी की बात पर भरोसा करते हुए उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी. परिवार के मुताबिक, विरोध करने पर विनय की पिटाई की गई.
पड़ोसी कंधे पर उठाकर अस्पताल ले गया
आरोपितों के वहां से निकलने के दौरान पड़ोसियों ने कुछ लोगों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. इस बीच विनय की हालत इतनी खराब थी कि वह अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पा रहा था. विनय की मां के कहने पर पड़ोस का एक युवक उसे कंधे पर उठाकर अस्पताल ले गया. CCTV में भी पड़ोसी को विनय को बेसुध अवस्था में घर से बाहर ले जाते देखा जा रहा है. अस्पताल में इलाज के दौरान विनय की मौत हो गई.
घटना से पहले CCTV बंद करने का आरोप
विनय के परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना से ठीक पहले विनय की पत्नी ने घर में लगे CCTV कैमरे बंद कर दिए थे. इस वजह से घटना की सीधी रिकॉर्डिंग घर के कैमरों में नहीं हो सकी. हालांकि, पड़ोसी के CCTV कैमरे में घर में आने और वारदात के बाद बाहर निकलने वाले लोगों की गतिविधियां कैद हो गईं. परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि छोटे-छोटे विवादों के बाद रेखा अपने मायके वालों को बुलाती थी. उनका दावा है कि पहले भी विनय को सबक सिखाने और हत्या तक की धमकियां दी जाती थीं.
चार लोगों की गिरफ्तारी, छह पर आरोप
पुलिस ने विनय की पत्नी रेखा, उसके पिता ज्ञान चंद्र जिंदल और दो भाइयों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. विनय के परिवार ने कुल छह लोगों पर आरोप लगाया है. इनमें राजकुमार जिंदल की पत्नी पूनम, दूसरा भाई सोनू और एक चाचा भी शामिल हैं. पुलिस अब CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और दूसरे उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
चार महीने पहले ही जुड़वां बच्चों के बने थे पिता
विनय नोएडा स्थित एडोबी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था और उसका सालाना पैकेज करीब 60 लाख रुपये बताया गया है. करीब साढ़े तीन वर्ष पहले उसकी शादी बुध विहार निवासी रेखा से हुई थी. करीब साढ़े चार महीने पहले दोनों जुड़वां बच्चों के माता-पिता बने थे. उनके एक बेटा और एक बेटी है.
परिवार के अनुसार, विनय और रेखा पिछले करीब दो साल से लक्ष्मी पार्क स्थित मकान की तीसरी मंजिल पर अलग रह रहे थे. परिवार का कहना है कि रेखा खाना भी अलग बनाती थी और सास के साथ उसका अक्सर विवाद होता था.
12 मिनट के घटनाक्रम में क्या हुआ
CCTV से सामने आई जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 1:12 बजे रेखा के मायके से उसके पिता, भाई, भाभी और चाचा समेत लोग घर पहुंचे. परिवार का आरोप है कि उनके पहुंचने के बाद विनय के साथ मारपीट की गई. करीब 1:24 बजे पड़ोसी मौके पर पहुंचे और विनय को बेसुध हालत में घर से बाहर निकाला. इसके बाद उसे कंधे पर उठाकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
दिल्ली: कनाडा जा रहे पार्सल से खुला ‘नार्को-टेरर’ का राज, 4 अरेस्ट
