फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। तिगांव स्थित अजय नागर वाटिका में ग्रामीणों के लिए आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने शिविर का उद्घाटन करते हुए लोगों से स्वस्थ जीवन के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। इस स्वास्थ्य शिविर के आयोजन में अमृता अस्पताल, रोटरी क्लब ऑफ फरीदाबाद ईस्ट तथा रोटरी क्लब ऑफ फरीदाबाद एक्सीलेंस ने सहयोग किया।

मंत्री राजेश नागर ने कहा कि जीवन का सही आनंद तभी लिया जा सकता है, जब व्यक्ति स्वस्थ हो। नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों की समय रहते पहचान हो सकती है और उचित उपचार शुरू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही अपने लक्ष्यों और उद्देश्यों को बेहतर तरीके से पूरा कर सकता है, जबकि स्वास्थ्य की अनदेखी करने पर व्यक्ति को लंबे समय तक उपचार और दवाइयों पर निर्भर रहना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। लोगों को सरकारी और निजी अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेते हुए समय पर अपनी जांच करानी चाहिए। मंत्री ने कहा कि देश में अक्सर बीमारी होने के बाद उसके इलाज पर ध्यान दिया जाता है, जबकि सही जीवनशैली, सावधानी और नियमित जांच के माध्यम से कई बीमारियों से पहले ही बचाव किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं और अस्पतालों में सुविधाओं का विस्तार किया गया है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान 280 रक्त जांच, 330 सामान्य स्वास्थ्य जांच, 230 दंत जांच, 320 नेत्र जांच, 180 हड्डी रोग जांच, 90 स्त्री रोग जांच, 150 त्वचा रोग जांच, 25 मैमोग्राफी, 40 एचआईवी जांच और 90 टीबी जांच की गईं।
कुल मिलाकर 2,138 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर आयोजक एवं उद्यमी अजय नागर, तिगांव के सरपंच विक्रम प्रताप नागर, अधाना पट्टी के सरपंच प्रतिनिधि वेद प्रकाश अधाना, रोटरी क्लब ऑफ फरीदाबाद ईस्ट के संरक्षक केसी लखानी, चेयर फाउंडेशन एचएल भूटानी, प्रेसिडेंट गुरनीत कौर चावला, सचिव रिटायर्ड मेजर राजेश गर्ग, कोषाध्यक्ष एसके त्यागी, ब्लड डोनेशन कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह और प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर धर्मवीर गुप्ता मौजूद रहे।
