दिल्ली में पेपर लीक को लेकर हुए छात्रों के आंदोलन के बाद अब ‘आरक्षण हटाओ आंदोलन’ जोर पकड़ रहा है. रिजर्वेशन हटाने की मांग करते हुए भारी संख्या में लोग जंतर-मंतर पर पहुंचे. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है. इसके बावजूद जंतर-मंतर पर लोग जुटने लगे. ऐसे में पुलिस ने मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए हैं.
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है. नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा भी जंतर मंतर पहुंचे हैं. प्रदर्शन कर रहे लोगों को दिल्ली पुलिस की ओर से पहले लाउडस्पीकर के जरिए प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने की जानकारी दी गई थी. अब पुलिस ने जंतर-मंतर पर पोस्टर लगाकर भी प्रदर्शनकारियों को सूचित किया है कि यहां प्रदर्शन की अनुमति नहीं है. वहीं, पुलिस ने 21 अगस्त को रामलीला मैदान में दोपहर 4.00 बजे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए NOC दी है. हालांकि, रामलीला मैदान में प्रदर्शन भी संबंधित विभागों की पूर्व अनुमति और तय शर्तों के अधीन होगा.
यह भी पढ़ें: ‘चीनी के दाम 20 रुपये तक बढ़ गए’, AAP ने केंद्र सरकार को घेरा
जंतर-मंतर पर बैरिकेड्स में वेल्डिंग
जंतर-मंतर के दोनों तरफ लगे बैरिकेड्स में वेल्डिंग कर दी गई है. वेल्डिंग करने वालों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड्स को आपस में जोड़कर मजबूत करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही, मल्टी लेवल बैरिकेडिंग भी की गई है. दिल्ली पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्सेस भी मौके पर तैनात है.
दरअसल, पिछले सीजेपी प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स तोड़कर संसद भवन की तरफ पहुंच गए थे. उसी घटना से सबक लेते हुए दिल्ली पुलिस ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है.
आरक्षण हटाने की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी
एबीपी न्यूज ने ग्राउंड रिपोर्ट में पाया कि प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े हैं. उनका कहना है कि वह स्थल खाली नहीं करेंगे, जबकि पुलिस उन्हें आश्वासन दिया था कि उन्हें रामलीला मैदान की अनुमति दी जाएगी. प्रदर्शनकारियों से लगातार जंतर-मंतर खाली करने की अपील की जा रही थी. फिलाहल अब सुरक्षा टाइट करने के बाद प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर में जाने की अनुमति दे दी गई है.
यह भी पढ़ें: Xप्लेन: 2047 में दिल्ली कैसी दिखेगी? घर से ट्रैफिक तक बड़े बदलावों की पूरी तस्वीर
