रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। वर्ष 2018 बैच के आईएएस अधिकारी सतबीर सिंह ने रोहतक के नवनियुक्त उपायुक्त के रूप में आज कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं और विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं और विभिन्न शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए।

इससे पहले सतबीर सिंह आयुष्मान भारत हरियाणा स्वास्थ्य सुरक्षा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। स्थानीय लघु सचिवालय परिसर पहुंचने पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया, जबकि पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक बिना किसी देरी के पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं को आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
लघु सचिवालय स्थित सभागार में अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिए कि समाधान शिविर, जनसंवाद, सीपीग्राम्स और सीएम विंडो सहित सभी शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आगामी सोमवार तक निपटाई गई शिकायतों की कार्रवाई रिपोर्ट अपलोड करने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच के अनुरूप सभी अधिकारी नियमित रूप से नागरिकों की समस्याएं सुनें और उनका यथाशीघ्र उचित समाधान करवाएं। अधिकारियों को नागरिकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और उन्हें विभागीय कार्रवाई से संतुष्ट करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास परियोजनाओं की गति तेज करने तथा समाधान शिविरों और अन्य शिकायत पोर्टलों से संबंधित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान को प्रदेश सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है और मुख्यमंत्री स्तर पर भी समय-समय पर इनकी समीक्षा की जाती है।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने नवनियुक्त उपायुक्त सतबीर सिंह का अभिनंदन किया और उन्हें जिला प्रशासन की गतिविधियों व समाधान समीक्षा बैठक के संबंध में जानकारी दी।
कार्यभार ग्रहण करने और बैठक के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश शुभम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी महेश भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
