हिसार कोर्ट परिसर में गैंगस्टर की दिनदहाड़े हत्या, शूटर गिरफ्तार


हरियाणा के हिसार जिले से कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है. गुरुवार (20 अगस्त) को हिसार कोर्ट परिसर (Hisar Court Complex) में दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत फैल गई. यहां कोर्ट में पेशी पर आए कुख्यात गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा को हथियारबंद बदमाशों ने सरेआम गोलियों से भून डाला. इस खौफनाक हमले में गैंगस्टर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो अन्य साथी भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

चश्मदीदों के मुताबिक, विनोद पानू अपने साथियों के साथ कोर्ट में एक केस की सुनवाई के लिए पहुंचा था. इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद कोर्ट परिसर जैसी संवेदनशील जगह पर बेखौफ बदमाशों ने करीब 14 राउंड गोलियां दागीं. अचानक हुई इस अंधाधुंध फायरिंग से पूरे कोर्ट परिसर में भारी अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद अधिवक्ता, मुवक्किल और आम लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

पानीपत: CT स्कैन के दौरान महिला से छेड़छाड़ का आरोप, FIR दर्ज

भाग रहे एक शूटर को साथियों ने दबोचा

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शूटर मौके से भागने की फिराक में थे, लेकिन इसी दौरान गैंगस्टर विनोद पानू के साथियों ने हिम्मत दिखाते हुए उनका पीछा किया और एक हमलावर को धर दबोचा. घटना के तुरंत बाद घायल गैंगस्टर और उसके दोनों साथियों को आनन-फानन में एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में डालकर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद विनोद पानू को मृत घोषित कर दिया. घटना के दो वीडियो भी अब सामने आए हैं, जिनमें हमलावर भागते हुए और गैंगस्टर के साथी उन्हें दबोचते हुए साफ नजर आ रहे हैं.

विधायक के पीए के भतीजे की हत्या का था मुख्य आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मारा गया गैंगस्टर विनोद पानू कोई आम अपराधी नहीं था. उसके खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी सहित 31 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे. वह मुख्य रूप से विधायक सावित्री जिंदल के पीए ललित शर्मा के भतीजे संजय उर्फ बिट्टू की हत्या के हाई-प्रोफाइल मामले में भी नामजद था.

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका

दिनदहाड़े हुए इस दुस्साहसिक हत्याकांड के बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है. हिसार के एएसपी (ASP) मयंक मुदगिल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फायरिंग में शामिल एक शूटर को मौके से ही पकड़ लिया गया है. हालांकि, जांच प्रभावित न हो इसलिए अभी उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. पुलिस की कई टीमें फरार दूसरे हमलावर की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं और कोर्ट परिसर के आसपास नाकेबंदी कर दी गई है.

हरियाणा में SIR: 16% वोटर्स हटाए गए, इन 2 जिलों में कटे सबसे ज्यादा नाम

Input By : कुलदीप सिंह



Source link

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top