पानीपत: CT स्कैन के दौरान महिला से छेड़छाड़ का आरोप, FIR दर्ज


हरियाणा के पानीपत सिविल अस्पताल (Panipat Civil Hospital) से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां इलाज के लिए आई 57 वर्षीय एक बीमार महिला मरीज के साथ सीटी स्कैन (CT Scan) रूम में ऑपरेटर द्वारा कथित रूप से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किया गया. इस घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में पीजीआई (PGI) रोहतक रेफर किया गया. वहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, 57 वर्षीय महिला पहले से ही टीबी (TB), हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित थी. तबीयत बिगड़ने पर मृतका के पिता पालु राम और अन्य परिजन उसे पानीपत के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे. डॉक्टर ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत एक्स-रे और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी. परिजन जब महिला को सीटी स्कैन सेंटर लेकर पहुंचे, तो वहां मौजूद ऑपरेटर ने घरवालों को कमरे से बाहर निकाल दिया और महिला को अंदर ले गया. परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान ऑपरेटर ने बंद कमरे में महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया.

हरियाणा में SIR: 16% वोटर्स हटाए गए, इन 2 जिलों में कटे सबसे ज्यादा नाम

बाहर आते ही पीड़िता ने परिजनों को बताई आपबीती

परिजनों के अनुसार, सीटी स्कैन के बाद जब महिला कमरे से बाहर आई, तो वह बहुत घबराई हुई थी. उसने तुरंत अपने परिजनों को ऑपरेटर द्वारा की गई छेड़छाड़ और गंदी हरकत के बारे में बताया. यह सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया. हालांकि, महिला की बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई.

अस्पताल प्रशासन की कार्रवाई, आरोपी टर्मिनेट

सिविल अस्पताल के सीएमओ (CMO) डॉ. विजय मलिक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल का सीटी स्कैन सेंटर पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर संचालित होता है. घटना की गंभीरता को देखते हुए संबंधित कंपनी को नोटिस जारी कर दिया गया है और आरोपी ऑपरेटर को तुरंत प्रभाव से नौकरी से टर्मिनेट (बर्खास्त) कर दिया गया है. इसके साथ ही, सीटी स्कैन सेंटर की सीसीटीवी (CCTV) फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है.

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सिटी थाना प्रभारी (SHO) देवेंद्र शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया गया है. महिला की मौत के बाद अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य मेडिकल साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है. फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि महिला की मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा और उसी के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

जंतर-मंतर प्रोटेस्ट पर विनेश फोगाट बोलीं, ‘ऐसा लग रहा था जैसे…’



Source link

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top