गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट में टीम इंडिया की जीत लगभग पक्की हो गई है. पहली पारी में 178 रनों की विशाल बढ़त हासिल करने के बाद भारतीय टीम दूसरी पारी में 193 रनों पर ऑलआउट हुई. इस तरह टीम इंडिया ने मेजबान श्रीलंका को 372 रनों का लक्ष्य दिया है. जवाब में चौथे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने 84 रनों पर 4 विकेट गंवा दिए हैं. स्टम्प्स के समय कप्तान धनंजय डी सिल्वा 73 गेंद में 31 और पहली पारी में शतक लगाने वाले सोनल दिनुशा 36 गेंद में 25 रनों पर नाबाद लौटे.
अब पांचवें दिन जीत के लिए श्रीलंका को 288 रन और बनाने हैं. वहीं भारत को यह टेस्ट जीतने के लिए 6 विकेट लेने हैं. ऐसे में भारत की जीत लगभग पक्की हो चुकी है, क्योंकि श्रीलंका के लिए आखिरी दिन भारतीय गेंदबाजों का सामना करना आसान नहीं होने वाला है.
मानव सुथार की स्पिन में फंसे श्रीलंकाई बल्लेबाज
दूसरी पारी में श्रीलंका का टॉप ऑर्डर ‘तू चल मैं आया’ की तर्ज पर पवेलियन लौटा. निशान मधुशंका 27 गेंद में 06 रन बनाकर आउट हुए. इसके दिनेश चंदीमल की जगह कन्कशन सब्स्टीट्यूट के रूप में आए पासिंदु सूरियाबंदारा जीरो पर आउट हुए. फिर कामिंडु मेंडिस 02 रन बनाकर चलते बने.
21 रनों पर तीन विकेट गिरे तो कप्तान धनंजय डी सिल्वा और लाहिरू उदारा के बीच 26 रनों की साझेदारी हुई. हालांकि, सुथार ने उदारा को ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिकने दिया. 47 के कुल स्कोर पर श्रीलंका का चौथा विकेट गिरा. उदारा 58 गेंद में एक चौके की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए.
दिनुशा और सिल्वा ने श्रीलंका को संभाला
47 रनों पर 4 विकेट गिरने के बाद सोनल दिनुशा और धनंजय डी सिल्वा ने 74 गेंद में 37 रनों की साझेदारी कर ली है. इन दोनों ने श्रीलंका का पांचवां विकेट नहीं गिरने दिया. दिनुशा 36 गेंद में चार चौकों की मदद से 25 रनों पर नाबाद हैं. वहीं सिल्वा 73 गेंद में तीन चौकों की मदद से 31 रन पर खेल रहे हैं.
भारत के लिए मानव सुथार ने अब तक 11 ओवर में 30 रन देकर दो विकेट चटकाए हैं. वहीं मोहम्मद सिराज ने पांच ओवर में एक मेडन के साथ 11 रन देकर एक विकेट लिया. एक सफलता प्रसिद्ध कृष्णा को मिली है. दूसरी पारी में अब तक कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा को कोई विकेट नहीं मिला है.
चौथे दिन 193 रनों पर ऑलआउट हुई टीम इंडिया
चौथे दिन भारतीय टीम अपनी दूसरी पारी में 193 रन ही बना सकी. भारत के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के भी पूरे कर लिए. वह भारत के लिए टेस्ट में 100 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं. पहली पारी में 167 रन बनाने वाले देवदत्त पडिक्कल ने दूसरी पारी में 44 रन बनाए. इसके अलावा केएल राहुल ने 35 रनों का योगदान दिया. वहीं यशस्वी जायसवाल 00, कप्तान शुभमन गिल 08, ध्रुव जुरेल 07, रवींद्र जडेजा 09 और मानव सुथार 09 रन बनाकर आउट हुए. श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडो ने चार विकेट चटकाए. इसके अलावा प्रभात जयसूर्या को तीन और लाहिरू कुमारा को दो सफलता मिलीं.
यह भी पढ़ें-
ऑस्ट्रेलिया ने किए बड़े बदलाव, बांग्लादेश से दूसरे टेस्ट के लिए किया टीम का एलान
