दिल्ली के बुराड़ी में नाबालिग लड़की की अनरिपोर्टेड हत्या का खुलासा दिल्ली पुलिस ने किया है. पुलिस को काले रंग के सूटकेस में एक लड़की की लाश मिली थी. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. स्पेशल स्टाफ, आउटर नॉर्थ जिला की टीम को खबर मिली कि नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट से जुड़े एक अनरिपोर्टेड हत्या के मामले में आरोपी दिल्ली में छिपा है.
पुलिस ने खबर के आधार पर ट्रैप लगाया और संदिग्ध तौर पर जा रहे आरोपी अविनाश निवासी मुकुंदपुर को गिरफ्तार किया. सख्त पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने एक नाबालिग लड़की की हत्या की है और लाश को एक सूटकेस में रखकर अजीत विहार इलाके में डंप कर दिया है.
दिल्ली SIR: कट सकते हैं 47 लाख नाम, इस दिन आएगी ड्राफ्ट लिस्ट
आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद
इसके बाद आरोपी पुलिस टीम को बुराड़ी इलाके के अजीत विहार में उस जगह ले गया, जहां उसने नाबालिग लड़की की लाश एक सूटकेस में छिपा रखी थी. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर काले रंग के सूटकेस से शव बरामद कर लिया है. यह मामला थाना बुराड़ी को सौंप दिया गया है. वहां FIR दर्ज की जा रही है और आगे की जांच जारी है. पुलिस अब हत्या के कारण और पूरी घटना की टाइमलाइन पता कर रही है.
युवती को बिहार से दिल्ली लाया था आरोपी
मृतक लड़की का नाम खुशबू है और उसकी उम्र करीब 17 साल है. खुशबू को कुछ दिन पहले बिहार से दिल्ली लाया गया था. बताया जा रहा है कि खुशबू बिहार में किसी लड़के से मोबाइल पर बात करती थी और यह बात खुशबू के चचेरे भाई अविनाश को पसंद नहीं थी.
इसके बाद आरोपी बहाने से वह कुछ दिन पहले खुशबू को लेकर दिल्ली आया. इस बार अविनाश को शक था कि दिल्ली आने के बाद भी लड़की किसी लड़के से फोन पर बात करती है, जिसके बाद अविनाश ने अपनी चचेरी बहन की गला दबाकर हत्या कर दिन और लाश को सूटकेस में रखकर अजीत विहार इलाके में फेंक दिया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल मामले में अभी पुलिस तफ्तीश कर रही है. आखिर किन लोगों के साथ मिलकर अविनाश ने हत्या को अंजाम दिया और लड़की की हत्या करने के पीछे असल वजह क्या है. शुरुआती जांच में पुलिस को ऑनर किलिंग का एंगल नजर आ रहा है, लेकिन पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रानिक सर्विलांस के जरिए कत्ल के मकसद तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है. फिलहाल लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है.
पत्नी की गंभीर बीमारी पर ड्रग्स केस के आरोपी रितिक बजाज को राहत, मिली अंतरिम जमानत
