डी-पार्क आगजनी में मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित

रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। डी-पार्क क्षेत्र में दुकानों में लगी आग में झुलसकर जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को एसडीएम आशीष कुमार ने सिंचाई विश्राम गृह में पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्डा ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के उपरांत पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।

इसी घोषणा के तहत आज एसडीएम आशीष कुमार ने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। इस अवसर पर एसडीएम आशीष कुमार ने कहा कि संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग एवं सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है सरकार :- हिमांशु ग्रोवर

इस अवसर पर युवा भाजपा नेता हिमांशु ग्रोवर ने कहा कि डी-पार्क की घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के दुख की भरपाई किसी भी आर्थिक सहायता से नहीं की जा सकती, लेकिन सरकार द्वारा पीड़ित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता उपलब्ध करवाना संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़े होने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों की हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध हैं। हिमांशु ग्रोवर ने कहा कि हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्डा ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा आज सहायता राशि के चेक उपलब्ध करवाना सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top