जडेजा के टेस्ट क्रिकेट में 4000 रन और 350 विकेट पूरे, सिर्फ 4 खिलाड़ी कर पाए हैं ऐसा


टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में लगातार शानदार प्रदर्शन करना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता. यही वजह है कि क्रिकेट इतिहास में कुछ ही ऑलराउंडर ऐसे हुए हैं, जिन्होंने दोनों विभागों में लंबे समय तक अपना दबदबा कायम रखा. भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने अब इसी खास क्लब में अपनी जगह बना ली है. जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में 4000 रन और 350 विकेट पूरे कर एक बेहद खास उपलब्धि हासिल की.

वह दुनिया के सिर्फ चौथे क्रिकेटर हैं, जिन्होंने टेस्ट करियर में कम से कम 4000 रन बनाने के साथ 350 विकेट भी हासिल किए हैं. इस खास सूची में जडेजा से पहले कपिल देव, डेनियल विटोरी और इयान बॉथम जैसे दिग्गज ऑलराउंडर शामिल हैं.

कपिल देव के नाम शानदार आंकड़े

इस क्लब में भारत के महान ऑलराउंडर कपिल देव का नाम सबसे ऊपर आता है. उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 131 मुकाबले खेले और 5248 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 8 शतक निकले. गेंदबाजी में भी कपिल का प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने 434 विकेट अपने नाम किए. कपिल लंबे समय तक भारतीय टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज और उपयोगी बल्लेबाज रहे. उनकी ऑलराउंड क्षमता ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े मैच विनर्स में शामिल किया.

विटोरी और बॉथम भी खास क्लब का हिस्सा

न्यूजीलैंड के महान ऑलराउंडर डेनियल विटोरी ने भी इस उपलब्धि को हासिल किया. उन्होंने 113 टेस्ट मैचों में 4531 रन बनाए और गेंदबाजी में 362 विकेट चटकाए. विटोरी ने अपने करियर की शुरुआत मुख्य रूप से स्पिन गेंदबाज के तौर पर की थी, लेकिन समय के साथ वह उपयोगी बल्लेबाज भी बन गए. इंग्लैंड के इयान बॉथम भी इस सूची में शामिल हैं. बॉथम ने 102 टेस्ट मुकाबलों में 5200 रन बनाए और 383 विकेट हासिल किए. उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 14 शतक भी दर्ज हैं. वह अपने दौर के सबसे प्रभावशाली ऑलराउंडरों में गिने जाते हैं.

यह भी पढ़ें- सचिन तेंदुलकर के नाम टेस्ट क्रिकेट का ये ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड’, 100 साल तक भी कोई नहीं तोड़ पाएगा!

जडेजा ने दिग्गजों के क्लब में बनाई जगह

अब रवींद्र जडेजा भी इन दिग्गजों की सूची का हिस्सा बन चुके हैं. उन्होंने 90वें टेस्ट के दौरान 4000 रन का आंकड़ा पार किया और इसके बाद 350 विकेट पूरे कर इस खास उपलब्धि को हासिल किया. जडेजा ने अपने करियर में एक गेंदबाज के साथ-साथ भरोसेमंद बल्लेबाज के रूप में भी खुद को साबित किया है. बाएं हाथ की स्पिन, सटीक लाइन-लेंथ और बल्लेबाजी में तेजी से रन बनाने की क्षमता उन्हें खास बनाती है. इसके अलावा मैदान पर उनकी शानदार फील्डिंग भी टीम के लिए अतिरिक्त फायदा देती है.

4000 से ज्यादा रन और 350 विकेट का यह आंकड़ा जडेजा के टेस्ट करियर की निरंतरता और ऑलराउंड क्षमता को दिखाता है. वह अब कपिल देव, विटोरी और बॉथम जैसे दिग्गजों के साथ उस खास क्लब में शामिल हो चुके हैं.

यह भी पढ़ें- दूसरी पारी में टीम इंडिया को बनाने हैं सिर्फ 164 रन, फिर जीत पक्की!



Source link

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top