बेटियां नहीं आईं तो समाज ने निभाया फर्ज, शिवचरण गुप्ता की 13वीं में उमड़ी भीड़


हरियाणा के सोनीपत में बुजुर्ग शिवचरण राम रतन गुप्ता की 13वीं की रस्म समाज के लोगों ने मिलकर पूरी की. क्योंकि अंतिम संस्कार से लेकर अस्थि विसर्जन तक दूर रहीं उनकी बेटियां 13वीं के कार्यक्रम में भी शामिल नहीं हुईं. इसके बाद वृद्ध आश्रम संचालक और सामाजिक संस्थाओं ने आगे बढ़कर हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सभी अंतिम संस्कार की परंपराएं निभाईं.

सोनीपत के गीता मंदिर में शिवचरण गुप्ता की 13वीं का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में हवन-यज्ञ कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई. शिवचरण गुप्ता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. इस दौरान शहर की कई सामाजिक संस्थाओं के सदस्य और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. हालांकि, उनके परिवार का कोई भी सदस्य कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ.

यह भी पढ़ें- वंदे मातरम् पर कांग्रेस नेताओं को अनिल विज ने घेरा, लगाया ये आरोप

बेटियों ने पहले ही कर दिया था आने से इनकार

वृद्ध आश्रम संचालक आनंद कुमार ने बताया कि शिवचरण गुप्ता के अंतिम संस्कार के दौरान बेटियों से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत हुई थी. वहीं अस्थि विसर्जन के समय भी व्हाट्सएप पर संपर्क हुआ था, लेकिन 13वीं के कार्यक्रम में शामिल होने से उन्होंने पहले ही मना कर दिया था. आनंद कुमार ने कहा कि हिंदू परंपरा के अनुसार सभी धार्मिक क्रियाएं पूरी की गईं और समाज ने एक परिवार की तरह जिम्मेदारी निभाई.

वृद्धाश्रम संचालक बोले- बुजुर्गों की सेवा जरूरी

आनंद कुमार ने समाज को संदेश देते हुए कहा कि आज कई बुजुर्ग अपने ही बच्चों की उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि उनके पास लगातार ऐसे फोन आते हैं, जिनमें बुजुर्ग अपने बच्चों द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत करते हैं. उन्होंने कहा कि माता-पिता की सेवा करना हर संतान का कर्तव्य है. साथ ही बच्चों को भी अच्छे संस्कार देना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ी बुजुर्गों का सम्मान करे.

समाजसेवियों ने जताई चिंता, बोले- संस्कारों की कमी बड़ी वजह

13वीं कार्यक्रम में पहुंची समाजसेविका सुमन मंजरी ने कहा कि बदलते समय में संस्कारों की कमी के कारण ऐसे मामले सामने आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि शिवचरण गुप्ता का मामला समाज के लिए एक सीख है और लोगों को अपने माता-पिता के प्रति जिम्मेदारी समझनी चाहिए. सोनीपत के मेयर राजीव जैन समेत कई लोगों ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर श्रद्धांजलि दी और बुजुर्गों के सम्मान का संदेश दिया.

यह भी पढ़ें- किसानों का दिल्ली कूच का ऐलान, देर रात हरियाणा-पंजाब बॉर्डर किया सील



Source link

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top