स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले दिल्ली में सख्त सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. लाल किले के बेहद करीब मौजूद पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन को लेकर पुलिस ने भी अपनी निगरानी और तैयारियां तेज कर दी हैं.
इसी क्रम में 11 अगस्त को दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों ने स्टेशन और उससे जुड़े संवेदनशील हिस्सों का गहन निरीक्षण किया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कमियों को परखने के साथ ड्यूटी पर तैनात जवानों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए.
कर्तव्य पथ पर तिरंगा यात्रा, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन और CM रेखा गुप्ता हुईं शामिल
अधिकारियों ने लिया सुरक्षा तैयारियों का जायजा
स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए विशेष पुलिस आयुक्त विजय कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रांसपोर्ट रेंज) मिलिंद डुमबरे और पुलिस उपायुक्त बी. भारत रेड्डी पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना क्षेत्र पहुंचे. वरिष्ठ अधिकारियों ने कई घंटे तक इलाके में मौजूद महत्वपूर्ण स्थानों और संवेदनशील पॉइंट्स का जायजा लिया. निरीक्षण का मकसद मौके पर तैनात पुलिस बल की वास्तविक तैयारियों को परखना और किसी भी संभावित चुनौती से निपटने की क्षमता का आकलन करना था.
हर कोने पर अधिकारियों की नजर
सुरक्षा समीक्षा केवल थाना परिसर तक सीमित नहीं रही. अधिकारियों ने छाता रेल, पार्सल क्षेत्र, आसपास की इमारतों की छतों और प्रमुख ड्यूटी प्वाइंट्स का निरीक्षण किया. इन स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी और उनकी जिम्मेदारियों की भी समीक्षा की गई. संवेदनशील स्थानों पर किसी संदिग्ध गतिविधि की पहचान और उस पर तुरंत प्रतिक्रिया देने की व्यवस्था को खास तौर पर परखा गया.
CCTV से लेकर एंट्री-एग्जिट तक सुरक्षा तंत्र की जांच
निरीक्षण के दौरान स्टेशन की निगरानी व्यवस्था भी वरिष्ठ अधिकारियों के फोकस में रही. सीसीटीवी सर्विलांस, एक्सेस कंट्रोल और सुरक्षा से जुड़े दूसरे परिचालन इंतजामों की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने यह जानने की कोशिश की कि किसी अचानक पैदा होने वाली कानून-व्यवस्था या सुरक्षा चुनौती के दौरान मौके पर मौजूद बल कितनी तेजी से स्थिति को नियंत्रित कर सकता है.
लावारिस सामान दिखे तो देरी नहीं, तुरंत होगी कार्रवाई
थाना स्टाफ को स्वतंत्रता दिवस तक विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. भीड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी के साथ जरूरत के अनुसार सघन चेकिंग करने को कहा गया है. पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कोई संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या लावारिस वस्तु नजर आने पर तत्काल सूचना साझा करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
RPF और दूसरी एजेंसियों के साथ मिलकर चलेगी निगरानी
रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को मजबूत रखने के लिए दिल्ली पुलिस को रेलवे सुरक्षा बल और संबंधित अन्य एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा गया है. 15 अगस्त तक संयुक्त जांच और निगरानी अभियान के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया है. इसके साथ ही रेल संपत्ति की सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के बीच संतुलन बनाए रखने की जिम्मेदारी भी पुलिस के सामने रहेगी.
पुरानी दिल्ली स्टेशन बना अहम सुरक्षा केंद्र
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की लोकेशन इस पूरी सुरक्षा कवायद को और महत्वपूर्ण बना देती है. स्टेशन लाल किले के नजदीक स्थित है और स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान लाल किले के आसपास सुरक्षा का स्तर सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रहता है. ऐसे में रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों, आसपास के इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी किसी भी संभावित जोखिम को समय रहते रोकने की रणनीति का हिस्सा है.
‘जिस साइकिल को 7 हजार में खरीदा उसे हमने सिर्फ 4200 में…’, AAP का रेखा गुप्ता सरकार पर हमला
