![]()
Photo : ET NOW SWADESH Digital
July Auto Sales 2026 जानें जुलाई में किस कंपनी ने बेची सबसे ज्यादा गाड़ियां
मारुति सुजुकी ने घरेलू बाजार में अब तक की सबसे ज्यादा मंथली सेल का रिकॉर्ड बनाया, जबकि महिंद्रा और किआ ने ड्यूल डिजिट की शानदार बढ़त हासिल की। वहीं, हुंडई ने घरेलू और निर्यात दोनों बाजारों में मजबूत मांग के दम पर अपनी अब तक की सबसे अधिक मंथली सेल दर्ज की।
टाटा मोटर्स की बिक्री में 59% की शानदार बढ़ोतरी
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री जुलाई 2026 में जोरदार बढ़ी। कंपनी ने इस महीने कुल 63,760 गाड़ियां बेचीं, जबकि जुलाई 2025 में यह आंकड़ा 40,175 यूनिट था। भारत में कंपनी की पैसेंजर कारों की बिक्री 58% बढ़कर 62,611 यूनिट पहुंच गई। वहीं, विदेशी बाजारों में भी अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला और निर्यात 76% बढ़कर 1,149 यूनिट हो गया। इलेक्ट्रिक कारों की मांग सबसे ज्यादा बढ़ी। जुलाई 2026 में कंपनी ने 15,217 इलेक्ट्रिक पैसेंजर वाहन बेचे, जो पिछले साल की 7,124 यूनिट के मुकाबले 114% अधिक है।
महिंद्रा ने जुलाई में 1 लाख से ज्यादा वाहन बेचे
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने जुलाई 2026 में कुल 1,03,860 वाहन बेचकर 26% की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की। कंपनी की एसयूवी की मांग लगातार मजबूत बनी रही। घरेलू बाजार में SUV की बिक्री 20% बढ़कर 60,048 यूनिट रही, जबकि पिछले साल इसी महीने यह 49,871 यूनिट थी। कमर्शियल वाहनों की घरेलू बिक्री भी 23% बढ़कर 25,204 यूनिट पहुंच गई। इसके अलावा, कंपनी का निर्यात भी अच्छा रहा और विदेशों में भेजे गए वाहनों की संख्या 47% बढ़कर 4,070 यूनिट हो गई।
हुंडई ने बनाया नया मंथली बिक्री रिकॉर्ड
हुंडई मोटर इंडिया ने जुलाई 2026 में अपने इतिहास की सबसे ज्यादा मंथली बिक्री दर्ज की। कंपनी ने इस महीने कुल 75,360 वाहन बेचे, जो पिछले साल की तुलना में 25.4% अधिक है। घरेलू बाजार में भी कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा और बिक्री 54,210 यूनिट तक पहुंच गई, जो एक नया रिकॉर्ड है। यह पिछले साल जुलाई के मुकाबले 23.3% ज्यादा है। कंपनी के सीईओ और एमडी तरुण गर्ग ने कहा कि नई तिमाही की शुरुआत शानदार रही है और ग्राहकों की मजबूत मांग के कारण कंपनी ने यह उपलब्धि हासिल की।
टोयोटा और एमजी मोटर की बिक्री में भी बढ़त
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने जुलाई 2026 में घरेलू बाजार में 30,516 वाहन बेचे। यह पिछले साल जुलाई की 29,159 यूनिट के मुकाबले करीब 5% अधिक है। वहीं, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने डीलरों को 8,158 वाहन भेजे, जो पिछले साल की तुलना में 22% ज्यादा हैं। यह कंपनी की अब तक की सबसे अधिक मंथली थोक बिक्री भी रही। खास बात यह रही कि कंपनी के न्यू एनर्जी व्हीकल (NEV) पोर्टफोलियो का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा और कुल बिक्री में इसकी हिस्सेदारी 80% से अधिक रही।
निसान की बिक्री में 66.5% का उछाल
निसान मोटर इंडिया ने जुलाई 2026 में कुल 9,339 वाहनों की थोक बिक्री की, जो पिछले साल जुलाई की 5,608 यूनिट के मुकाबले 66.5% ज्यादा है। घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री में सबसे तेज बढ़त देखने को मिली। इस दौरान भारत में 4,518 वाहन बेचे गए, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा केवल 1,420 यूनिट था। इससे साफ है कि कंपनी की घरेलू बाजार में मांग पहले के मुकाबले काफी मजबूत हुई है।
संबंधित खबरें
Author
आर्टिकल की समाप्ति
