दिल्ली में ड्रेस रिहर्सल, 13 अगस्त के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन वाहनों पर रोक


स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल को लेकर दिल्ली के लाल किले और आसपास के इलाकों में 13 अगस्त को सुबह से ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को परेशानी से बचाने के लिए कई प्रमुख सड़कों को आम वाहनों के लिए बंद करने और कई रूट पर ट्रैफिक डायवर्ट करने की एडवाइजरी जारी की है. लाल किले के आसपास सुबह 4 बजे से 10 बजे तक सामान्य ट्रैफिक बंद रहेगा. इस दौरान केवल लेबल लगे वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति होगी.

13 अगस्त को सुबह 4 से 10 बजे के बीच नेताजी सुभाष मार्ग (दिल्ली गेट से छत्ता रेल), लोथियन रोड (जीपीओ दिल्ली से छत्ता रेल), एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निशाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और इसकी लिंक रोड पर आम ट्रैफिक नहीं चल सकेगा. इसके अलावा रिंग रोड पर राजघाट से आईएसबीटी तक भी सामान्य यातायात प्रभावित रहेगा.

दिल्ली के तापमान में आई गिरावट, आज हल्की बारिश के आसार, जानें अपडेट

इन रास्तों से बचने की सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों, जिनके पास रिहर्सल के लिए पार्किंग लेबल नहीं है.उन्हें सी-हेक्सागन, इंडिया गेट, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, डब्ल्यू प्वाइंट, ए-प्वाइंट, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बीएसजेड मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, जेएल नेहरू मार्ग और रिंग रोड के कुछ हिस्सों से बचने की सलाह दी है.

दक्षिण दिल्ली से उत्तर दिल्ली जाने वाले वाहन अरविंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमल अटातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग और पंचकुइयां रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं. वहीं कनॉट प्लेस की ओर से उत्तर दिल्ली जाने वालों के लिए मिंटो रोड, भवभूति मार्ग, अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्ग, लाहौरी गेट, नया स्ट्रीट, पीली कोठी और एसपी मुखर्जी मार्ग के रास्ते सुझाए गए हैं.

यमुना पार से आने वालों को भी करना होगा रूट डायवर्ट

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, निजामुद्दीन ब्रिज से यमुना पार कर पुश्ता रोड, जीटी रोड और युधिष्ठिर सेतु होते हुए आईएसबीटी पहुंचा जा सकता है. वहीं पूर्वी दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए निजामुद्दीन खट्टा, बारापुला रोड, एम्स फ्लाईओवर और रिंग रोड जैसे वैकल्पिक रास्ते सुझाए गए हैं. डीएनडी, एनएच-24, युधिष्ठिर सेतु, सिग्नेचर ब्रिज और वजीराबाद ब्रिज खुले रहेंगे, ताकि पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच यातायात को वैकल्पिक रास्ता मिल सके. हालांकि ओल्ड आयरन ब्रिज और गीता कॉलोनी ब्रिज से शांति वन की ओर जाने वाला रास्ता बंद रहेगा

ट्रैफिक प्रतिबंध केवल सुबह चार बजे से ही लागू नहीं होंगे. 12 अगस्त की आधी रात से 13 अगस्त सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा से वजीराबाद ब्रिज के बीच मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. इसी तरह महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच इंटरस्टेट बसों की आवाजाही 12 अगस्त की आधी रात से 13 अगस्त सुबह 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगी.

डीटीसी बसों के रूट भी बदलेंगे

स्थानीय बसों, जिसमें डीटीसी बसें भी शामिल हैं, को 12 अगस्त की आधी रात से 13 अगस्त सुबह 10 बजे तक आईएसबीटी कश्मीरी गेट और निजामुद्दीन खट्टा के बीच रिंग रोड पर चलने की अनुमति नहीं होगी. लाल किला, जामा मस्जिद और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाली कई बसों को रास्ते में ही रोककर दूसरे रूट पर भेजा जाएगा. कुछ बसों को मोरी गेट, तुर्कमान गेट, जामा मस्जिद और तिस हजारी के आसपास टर्मिनेट किया जाएगा.

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे आखिरी समय में घर से निकलने के बजाय पर्याप्त समय लेकर यात्रा शुरू करें. खासकर रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी, अस्पताल और मध्य दिल्ली जाने वाले लोगों को रूट डायवर्जन को ध्यान में रखकर सफर करने की सलाह दी गई है. ओल्ड दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए अलग-अलग दिशाओं से वैकल्पिक रास्ते बताए गए हैं. वहीं नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी कश्मीरी गेट पहुंचने के लिए भी कई वैकल्पिक रूट जारी किए गए हैं. जेपीएन अस्पताल के लिए कोई विशेष प्रतिबंध नहीं रहेगा, जबकि कस्तूरबा अस्पताल पहुंचने के लिए अजमेरी गेट-चावड़ी बाजार-उर्दू बाजार वाला रूट इस्तेमाल किया जा सकेगा.

साउथ दिल्ली से आने वाली बसें भी डायवर्ट

दक्षिण दिल्ली से लाल किला, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और भाई मती दास चौक जाने वाली बसों को रिंग रोड, एनएच-24, मार्जिनल बांध, पुश्ता रोड और नए आईएसबीटी ब्रिज के रास्ते भेजा जाएगा. कनॉट प्लेस जाने वाली बसें रिंग रोड और अपर रिज रोड होते हुए करोल बाग की तरफ से जाएंगी.पूर्वी दिल्ली जाने वाली बसों को हजरत निजामुद्दीन ब्रिज, एनएच-24 और न्यू पटपड़गंज रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा.

गाजियाबाद से दिल्ली आने वाली बसों को भोपुरा चुंगी रोड से वजीराबाद रोड और चांदगी राम अखाड़ा होते हुए आईएसबीटी भेजा जाएगा. धौला कुआं की तरफ से आने वाली बसों को रिंग रोड से पंजाबी बाग-अजादपुर-चांदगी राम अखाड़ा होते हुए आईएसबीटी पहुंचाया जाएगा. फरीदाबाद से आने वाली बसों को सराय काले खां पर टर्मिनेट किया जा सकता है या रिंग रोड के रास्ते आईएसबीटी की ओर डायवर्ट किया जाएगा.

सुरक्षा के चलते कई चीजें लेकर पहुंचने पर रोक

ट्रैफिक पुलिस ने रिहर्सल के दौरान सुरक्षा को देखते हुए लोगों से कैमरा, दूरबीन, रिमोट कंट्रोल कार की चाबी, छाता, हैंडबैग, ब्रीफकेस, ट्रांजिस्टर, सिगरेट लाइटर, टिफिन और पानी की बोतल आदि नहीं लाने की अपील की है.

दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा के मद्देनजर ड्रोन, पैराग्लाइडर, पैरा-मोटर, हैंग ग्लाइडर, माइक्रो-लाइट एयरक्राफ्ट, रिमोट पायलटेड एयरक्राफ्ट, हॉट एयर बैलून और क्वाडकॉप्टर जैसे हवाई उपकरणों की उड़ान पर भी रोक है. यह प्रतिबंध 16 अगस्त तक लागू रहेगा

संदिग्ध सामान दिखे तो तुरंत पुलिस को बताएं

पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं. लावारिस सामान, संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को इसकी सूचना दें. ट्रैफिक पुलिस की सलाह है कि 13 अगस्त की सुबह लाल किले और मध्य दिल्ली की तरफ जाने वाले लोग घर से निकलने से पहले अपना रूट जरूर जांच लें और जहां संभव हो, सार्वजनिक परिवहन के बजाय वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें.

15 अगस्त तक दिल्ली वाले नहीं कर सकेंगे यह काम, अलर्ट पर पुलिस



Source link

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top